Farmer Suicide:महोबा में एक किसान का शव संदिग्ध हालात में बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। मृतक की पहचान पहरेथा निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महोबा के खरेला थाना क्षेत्र के पहरेथा गांव में एक किसान का शव संदिग्ध हालात में बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। मृतक की पहचान पहरेथा निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। शव के पास से जहर की खाली शीशी, चप्पल और कपड़े बरामद हुए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत की आशंका जता रही है।
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र सिंह 8 बीघा जमीन पर खेती कर परिवार चलाते थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को देवेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उनकी पत्नी सदा सिंह से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद नाराज होकर देवेंद्र अपना मोबाइल घर पर ही छोड़कर निकल गए। पूरी रात वह घर नहीं लौटे। ग्रामीणों ने अतरौली गांव स्थित मलखान के खेत में बबूल के पेड़ के नीचे एक शव पड़ा देखा। सूचना पर खरेला पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ कुलपहाड़ रविकांड गोंड, थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की पहचान देवेंद्र सिंह के रूप में हुई।
पुलिस को मौके से जहर की खाली शीशी, मृतक की चप्पल और कपड़े मिले हैं। तलाशी में देवेंद्र की जेब से 8 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। इससे लूट की आशंका खारिज की जा रही है।
मृतक के भाई बालेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि देवेंद्र पर बैंक और साहूकारों का कर्ज था। इसके अलावा बेटी की शादी को लेकर भी वह काफी चिंतित रहते थे। इस साल फसल में अच्छी पैदावार न होने से आर्थिक तंगी और बढ़ गई थी। इन सब कारणों से देवेंद्र मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
सीओ कुलपहाड़ रविकांड गोंड ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि देवेंद्र शराब पीने के आदी थे। उन्होंने शराब पी थी। पत्नी से कहासुनी के बाद वह घर से निकले थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। जहर की शीशी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद से पहरेथा गांव में मातम पसरा है। देवेंद्र अपने पीछे पत्नी सदा सिंह और बच्चों को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।