Mahoba SP Transfer:महोबा में पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह का तबादला कर उन्हें लखनऊ मुख्यालय भेजा गया है। उनकी जगह 2019 बैच के आईपीएस शशांक सिंह नए एसपी बनाए गए हैं, जो जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।
महोबा। शासन स्तर पर हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत जनपद महोबा के पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह का सोमवार शाम तबादला कर दिया गया। उनकी जगह शशांक सिंह को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। शशांक सिंह को एक युवा और ऊर्जावान अधिकारी माना जाता है, जिनसे जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बदलाव को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
आईपीएस प्रबल प्रताप सिंह को अब पुलिस अधीक्षक अपराध, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है। उन्होंने अप्रैल 2025 में महोबा में कार्यभार संभाला था और करीब 11 महीने तक जिले में अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कई प्रयास किए गए। विभिन्न अभियानों के माध्यम से अपराधियों पर कार्रवाई भी तेज की गई, जिससे आमजन में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ।
वही नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह लखनऊ में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के पद पर तैनात रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शशांक सिंह को एक युवा, ऊर्जावान और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन के बेहतर समन्वय और अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक अपेक्षाएं जताई जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, शासन द्वारा किए गए इस तबादले को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। नए एसपी के रूप में शशांक सिंह जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे और जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्राथमिकताओं को तय करेंगे। माना जा रहा है कि वह अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान देंगे। वही जनपद में पुलिस अधीक्षक के इस बदलाव के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। आमजन भी नए एसपी से बेहतर कानून-व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं। वही जल्द ही थानों में तैनात थाना प्रभारी के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।