महराजगंज में बाइक सवार दंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। ट्रैक्टर से टोचन कर ले जा रहा जनरेटर अचानक खुल गया। अनियंत्रित होकर सड़क पर बाइक से टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी की दंपती करीब 2 फीट हवा में उछलकर रोड पर जा गिरे।
महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर से खींचकर ले जाया जा रहा जनरेटर अचानक खुलकर सड़क पर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक से टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती करीब 2 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। गिरने के दौरान दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनरेटर को एक वाहन द्वारा टोचन कर ले जाया जा रहा था, लेकिन उसे सुरक्षित तरीके से नहीं बांधा गया था। इसी वजह से वह अचानक खुलकर सड़क के बीच आ गया। उसी समय सामने से आ रही बाइक सीधे उससे टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। आसपास के थानों और जनपदों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने आरोपी चालक को वाहन समेत हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई गई है।
हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह असुरक्षित तरीके से भारी सामान को सड़क पर ले जाना लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कारवाई की मांग की है।