महराजगंज जनपद के सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में शाम करीब 7 बजे सिसवा-निचलौल रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस और बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि महाराजगंज डिपो की खाली बस निचलौल से सिसवा की ओर आ रही थी।
महाराजगंज में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, यह दुर्घटना नगरपालिका के दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड स्थित सिसवा-निचलौल मार्ग पर शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। जानकारी के मुताबिक महराजगंज डिपो की रोडवेज बस (UP 53F5852) निचलौल से सिसवा की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक बाइक (UP 56 AA1688) पर सवार तीन युवक सिसवा से निचलौल की दिशा में जा रहे थे।
रोडवेज बस और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक बस के अगले पहिये के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सड़क पर तीन युवकों की लाश देख लोग सिहर गए, दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतकों में सोनबरसा गांव के साहिल निषाद, किशन साहनी तथा तीसरा युवक टेढ़वा गांव का अमरेश के रूप में पहचान हुई है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बस चालक की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए घुघली थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस और घुघली पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे 4 लोगों का 40 हजार रुपये का चालान किया गया। यह अभियान ZFD कार्यक्रम के तहत चलाया गया। टीम के प्रभारी और सदस्यों ने ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की। चेकिंग के दौरान पाए गए सभी शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।इस अभियान में SSI राकेश कुमार यादव, यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह, SI अजय सिंह, विनय कुमार सिंह और प्रमोद यादव शामिल थे।