
मैनपुरी। मनचले युवक से परेशान बीएससी की छात्रा ने परीक्षा छोड़ दी है। गुरुवार को पीड़ित छात्रा अपनी मां के साथ एसपी ऑफिस पहुंची। उसने एएसपी से मामले की शिकायत कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की। जिस पर एएसपी ने तत्काल मामले में कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए आरोपी युवक को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
पड़ोस में रहने वाले युवक पर आरोप
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल निवासी बीएससी की छात्रा अपनी मां के साथ एसपी ऑफिस पहुंची। यहां उसने अपनी दास्तान एएसपी ओम प्रकाश सिंह को बताई। शिकायत लेकर आई पीड़ित छात्रा ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला सूरज नाम का लड़का आए दिन उसके साथ छेड़खानी करता है। रास्ता रोकर अश्लील हरकतें करता है। यहां तक कि आरोपी युवक बलात्कार करने की धमकी भी दे रहा है।
ये भी पढ़ें- सामने आया यूपी पुलिस का बेरहम चेहरा, एंबुलेंस ड्राइवर को मामूली बात थर्ड डिग्री टॉर्चर, किया ये हाल...
आरोपी ने दी रेप करने की धमकी
आरोपी सूरज की हरकतों और धमकी से डरी सहमी पीड़ित छात्रा ने बीएससी की परीक्षा भी छोड़ दी है। पीड़िता अब अपने घर से भी बाहर निकलने में डर रही है। पीड़ित छात्रा की मां ने बताया कि सूरज और उसके साथियों ने उसकी बेटी के साथ गलत काम करने की धमकी दी है। उन्होंने इस मामले में थाना पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वे लोग यहां शिकायत लेकर आए।
परिजन के साथ आरोपी फरार
पीड़ित छात्रा की शिकायत पर अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि तत्काल कार्रवाई करने और आरोपी लड़के की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं शिकायत के बाद आरोपी और उसके परिजन घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं।