
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर पत्थरमंडी मोहल्ले में एक कारपेंटर ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के टॉर्चर से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। बुधवार को मृतक के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो में युवक ने सिसकते हुए अपनी बर्बादी की दास्तां सुनाई है।
मृतक अनिल कुमार शर्मा (42) ने फेसबुक पर 'जीत शर्मा' नाम की आईडी से अपनी मौत से पहले दो वीडियो साझा किए। 18 जनवरी को पोस्ट किए गए पहले वीडियो में उसने अपनी पत्नी को संबोधित करते हुए कहा- 'मेरी जिंदगी तबाह करने वाली.. मैंने तो तुझसे बेपनाह प्यार किया था, पर तूने उसकी कदर नहीं की। मैंने तुझसे मांगा ही क्या था, बस दो पल की जिंदगी… पर तूने मुझे मौत दे दी। जा अब तू खुश रह।'
अगले ही दिन यानी 19 जनवरी को पोस्ट किए गए एक अन्य वीडियो में अनिल ने अपनी मौत का सीधा जिम्मेदार अपने ससुराल वालों को ठहराया। उसने कहा- 'अगर मेरी मौत होती है, तो इसके जिम्मेदार मेरे ससुर मुन्नालाल शर्मा और सास रानी देवी होंगे। इन दोनों ने मेरी जिंदगी तबाह कर दी है और मुझे इतना परेशान किया कि अब मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।'
होली के दिन अनिल और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। विवाद के बाद पत्नी अपने 7 साल के बेटे और 4 साल की बेटी को लेकर मायके (कन्नौज) चली गई। बच्चों के जाने के बाद से अनिल गुमसुम रहने लगा और उसने खुद को कमरे में कैद कर लिया था।
मंगलवार सुबह जब अनिल के घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर जब खिड़की से झांककर देखा गया, तो अंदर अनिल का शव पंखे से बेडशीट के फंदे के सहारे लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के विवाद के कारण आत्महत्या का लग रहा है। मृतक के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से मिले वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है, रिपोर्ट मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।