
BSF Jawan Arrest In Mainpuri: "मुझसे गलती हो गई, मुझे मारो मत। चाहो तो मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दो।" यह गिड़गिड़ाट उस BSF जवान की थी, जिसने कुछ ही घंटों पहले अपनी पत्नी को बेहद नृशंसता से मौत के घाट उतार दिया था। मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के ग्राम भूरेपुर में शनिवार की रात विवाद के बाद शराब के नशे में धुत संजेश ने फावड़े से हमला कर नीतू की हत्या कर दी थी। मर्डर के बाद आरोपी BSF जवान संजेश यादव घर के बाहर चबूतरे पर आराम से सो गया। जब सुबह मायके वालों को घटना का पता चला तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी को घेरकर जमकर पीट दिया। पुलिस ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
करहल थाना क्षेत्र के ग्राम भूरेपुर निवासी संजेश यादव बीएसएफ की 53वीं बटालियन में जम्मू में तैनात है। वह करीब एक सप्ताह पहले छुट्टी पर घर आया था। शनिवार रात पत्नी नीतू (30) के साथ उसका विवाद हुआ। आरोप है कि नशे की हालत में संजेश ने फावड़े से पत्नी के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर के बाहर चबूतरे पर जाकर सो गया।
रविवार सुबह नौ वर्षीय बेटे निखिल ने मां को खून से लथपथ देखा तो चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर ही ससुराल पक्ष के लोगों ने संजेश को पकड़ लिया और उस पर थप्पड़ों व लातों की बरसात कर दी। कुछ लोग उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे तो गुस्साई भीड़ उसे मारने पर आमादा थी। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में भी लोग उसे पीटते रहे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को हिंसक भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, संजेश अत्यधिक शराब पीने का आदी था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पिछले 3-4 वर्षों से अक्सर विवाद होता था। घटना की मुख्य वजह दोनों पक्षों की और से एक-दूसरे पर लगाया जा रहा एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर बताया जा रहा है।
मले में एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि हत्यारोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष से जो भी तहरीर प्राप्त होगी, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य फरार हैं।