
मैनपुरी। मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने एक गरीब की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को फांसी के फन्दे पर लटका दिया। मौका मिलते ही हत्यारोपी फरार हो गये। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने मृतक की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज का हत्यारोपियों की तलाश शरू कर दी है।
हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गाडीवान निवासी 30 वर्षीय दर्शन सिंह पुत्र अशोक कुमार मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। परिजनों के अनुसार वह गलत संगत में शराब पीने का आदी हो गया था। इसी शराब की लत के कारण उसका आये दिन पड़ोसियों से झगडा़ होता रहता था। शुक्रवार की शाम दर्शन सिहं का पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। इसी मामूली विवाद के बाद दबंग पड़ोसी अपने तीन चार अज्ञात साथियों के साथ मिलकर रात के अंधेरे में दीवार फांद कर घर आये उसके बाद दबंगों ने चारपाई पर सो रहे दर्शन सिंह की गला घोंट कर निर्दयता पूर्वक हत्या कर दी।
मासूम ने देखी पूरी वारदात
हत्यारोपियों ने राज छुपाने और आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को फांसी के फन्दे पर लटका दिया। इसके बाद मौका मिलते ही हत्यारोपी खिसक गये। इस पूरी घटना को मृतक के चार वर्षीय पुत्र कृष्ण ने देखा था। मासूम चीखता रहा मगर उसकी बात किसी ने नहीं सुनी। पुलिस ने परिजनों से जानकारी जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासा हुआ कि आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी गला घोंटकर निर्दयता पूर्वक हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक की बहन सुनीता पत्नी केशव निवासी बालाजी पुरम कोतवाली की तहरीर पर पड़ोसी राहुल पुत्र सर्वेश कुमार, सर्वेश पुत्र मुंशी लाल तथा चार अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या कहना है पुलिस का
पुलिस के अनुसार एक युवक के शव के मिलने की सूचना मिली थी जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसका पोस्टमार्टम कराया। मृतक ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गयी थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी पुष्टि हुई है, इसमें मुकद्दमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जल्द ही इसमें गिरफ्तारी कर ली जाएगी।