मंडला

मंडला में नगर पालिका सीएमओ को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा

CMO Gajanan Nafade bribe: 15 लाख रुपए के बिल का भुगतान कराने के बदले मांगे थे 4 लाख, पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
Mandla CMO Gajanan Nafade Bribe
municipality cmo gajanan nafade caught taking 2 lakh bribe lokayukta, लोकायुक्त की टीम व लाल गोले में सीएमओ गजानन नाफड़े (Source-Patrika)

Mandla CMO Gajanan Nafade Bribe: मध्यप्रदेश में शुक्रवार को एक बार फिर एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेने के आरोप में लोकायुक्त की टीम ने रंगेहाथों पकड़ा है। मामला मंडला जिले का है, जहां जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सीएमओ को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा है। सीएमओ ने एक ठेकेदार से उसके लंबित बिल के भुगतान के एवज में 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

ठेकेदार से मांगी थी 4 लाख रुपये रिश्वत

मंडला नगर पालिका के सीएमओ गजानन नाफड़े के खिलाफ जबलपुर के ठेकेदार ज्ञानचंद बेन ने लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में ठेकेदार ने बताया कि उसके द्वारा किए गए निर्माण कार्यों का करीब 40 लाख रुपये का भुगतान पूर्व में नगर पालिका मंडला की ओर से किया जा चुका है। एक करीब 15 लाख रुपये के बिल का भुगतान होना लंबे समय से बाकी है। जब वो इस संबंध में सीएमओ गजानन नाफड़े से मिला तो सीएमओ ने उससे बिल भुगतान के एवज में 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।

पहली किस्त लेते पकड़ाया सीएमओ

लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर सीएमओ को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई। योजना के तहत ठेकेदार ज्ञानचंद बेन को रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 2 लाख रुपये देने के लिए सीएमओ गजानन नाफड़े के पास भेजा गया। नगर पालिका कार्यालय मंडला में जैसे ही सीएमओ ने ठेकेदार से रिश्वत के 2 लाख रुपये लिए तो सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया।

नगर पालिका कार्यालय में मचा हड़कंप

नगर पालिका कार्यालय में लोकायुक्त के द्वारा सीएमओ को रिश्वत लेते पकड़े जाने पर कार्यालय में हड़कंप मच गया। सीएमओ गजानन नाफड़े को रंगेहाथ पकड़ने के बाद लोकायुक्त की टीम उन्हें सर्किट हाउस लेकर पहुंची, जहां आगे की कार्रवाई की गई।

Updated on:
25 Sept 2026 03:22 pm
Published on:
25 Sept 2026 03:12 pm