मंडला

Mandla News: घर से 6 किमी दूर डिब्बे में बंद की ‘मौत’, एक चूक से खत्म हुई अमन की जिंदगी

Snake Rescuer Aman Gohiya Death: जिस डिब्बे में खतरनाक कोबरा को रेस्क्यू कर बंद कर रहा था अमन वो टूटा हुआ था, कोबरा डिब्बे से बाहर निकल आया और अमन के पैर में डसा, इलाज के दौरान मौत।
2 min read
Aug 04, 2026
mandla
snake rescuer aman gohiya dies after cobra bite, कोबरा का रेस्क्यू करते स्नेक कैचर अमन गोहिया (Source-patrika)

Mandla Snake Rescuer Aman Gohiya Death: मध्यप्रदेश के मंडला जिले में एक छोटी सी चूक एक स्नेक कैचर के लिए मौत बन गई। घटना जिले के बिछिया क्षेत्र के डुंगरा गांव की है, यहां रेस्क्यू के दौरान एक खतरनाक कोबरा सांप को स्नेक कैचर ने पकड़कर डिब्बे में बंद किया था, लेकिन डिब्बा टूटा होने के कारण कोबरा बाहर निकल आया और स्नेक कैचर के पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद स्नेक कैचर की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।

6 किमी दूर खींच ले गई मौत

सर्प मित्र अमन गोहिया उर्फ बॉबी सोमवार को अपने घर पर थे, तभी उन्हें 6 किमी दूर डूंगरा गांव में कोबरा सांप निकलने की सूचना मिली। वो कोबरा का रेस्क्यू करने के लिए डूंगरा गांव पहुंचे और कोबरा का रेस्क्यू भी कर लिया। लेकिन इसी दौरान कोबरा को एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद करते वक्त एक छोटी सी चूक स्नेक कैचर अमन गोहिया से हो गई और ये चूक उनके लिए जानलेवा साबित हुई।

देखें वीडियो-

टूटे डिब्बे में से निकले कोबरा ने डसा

स्नेक कैचर अमन गोहिया कोबरा को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर रहा था, लेकिन प्लास्टिक का डिब्बा टूटा हुआ था। इस पर स्नेक कैचर ने ध्यान नहीं दिया, जैसे ही उन्होंने कोबरा को डिब्बे में बंद कर ढक्कन लगाया तो कोबरा टूटे हुए हिस्से में से डिब्बे में से बाहर निकल आया और स्नेक कैचर अमन गोहिया के बाएं पैर में उंगली के पास डस लिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इलाज के दौरान मौत

सांप के डसने के बाद स्नेक कैचर अमन गोहिया उर्फ बॉबी को तुरंत पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, यहां से गंभीर हालत होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर्स ने इलाज शुरू किया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार को इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई। अमन गोहिया जिले के सक्रिय सर्प मित्र थे जो कई जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर चुके थे। उनकी मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Updated on:
04 Aug 2026 04:24 pm
Published on:
04 Aug 2026 04:24 pm