
Mandla Traffic Constable Suspended: मध्यप्रदेश के मंडला जिले में ड्यूटी के दौरान माइक से लोगों को समझाइश देना एक ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को महंगा पड़ गया है। कॉन्स्टेबल को एसपी ने निलंबित कर दिया है और एसडीओपी को जांच के निर्देश दिए हैं। जो वीडियो सामने आया है उसमें आरक्षक लोगों से माइक पर यातायात नियमों का पालन करने का जिक्र कर रहा था, हालांकि इस वीडियो में वो भावुक होकर पुलिस पर ड्यूटी के दौरान लगने वाले आरोपों की भी बता रहा था।
मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने ट्रैफिक कॉन्स्टेबल उमेश मरकाम को निलंबित कर दिया है और एसडीओपी को जांच के निर्देश दिए हैं। कॉन्स्टेबल उमेश मरकाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि वीडियो में आरक्षक उमेश मरकाम का व्यवहार आपत्तिजनक प्रतीत हो रहा है और इसी आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। आगे जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंडला शहर के चिलमन चौक पर ड्यूटी पर तैनात आरक्षक उमेश मरकाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में आरक्षक हाथ में माइक लिए रेड सिग्नल पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दे रहे थे। इसी दौरान वो भावुक हो गए और ड्यूटी के दौरान पुलिस पर लगने वाले आरोपों के बारे में बताने लगे थे। वीडियो में वो कह रहे थे कि आप लोग पुलिसवालों को फोकट समझते हैं, ऐसा नहीं हम लोग अपनी ड्यूटी करते हैं, रेड सिग्नल है और आप लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हो, फिर पुलिस पर लांछन लगाओगे। इसके साथ ही वीडियो में भावुक होकर उमेश मरकाम और भी बहुत कुछ कह रहे थे। इसके कारण आरक्षक के नशे में होने की आशंका जताई गई थी, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।