
Car Accident In Mandsaur : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रही कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। मृतकों में कुछ लोग गुड़गांव (गुरुग्राम) निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक मृतक राजस्थान के अलवर का रहने वाला था।
मंदसौर के पास बरसात के बीच रोड पर घनघोर अंधेरा होने से वाहनों की टक्कर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की तहकीकात शुरु की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार सवार सभी लोग खाटूश्याम के लिए निकले थे। मंदसौर के पास बरसात के बीच रोड पर घनघोर अंधेरा होने से वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में जिन लोगों ने जान गंवाई है उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। सभी के परिजन रवाना भी हो चुके हैं।
हादसे में घायल व्यक्ति बिजंदर ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के अलवर और गुड़गांव के रहनेवाले हम सभी साथी खाटू श्याम जा रहे थे। बिजंदर के अनुसार, कार सवार सभी लोग भक्ति भाव में रमे थे। रास्ते में एक्सप्रेस-वे पर चढ़ाई के दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटना में कार सवार अरविंद, कैलाश और बिंदर की जान चली गई।
घायल ने बताया कि आगे चल रहे ट्रक के पीछे की लाइट बंद थी। इसी दौरान बारिश भी हो रही थी। अंधेरा होने के कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया। अचानक ट्रक सामने आने पर कार चालक संभल ही नहीं सका और तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी।
टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही सांस थम गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।