
Mandsaur News :मध्य प्रदेश के मंदसौर जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां कुछ लोग एक घायल युवक के साथ एक जहरीले सांप को भी डिब्बे में बंद करके ले आए। बताया जा रहा है कि, युवक को सांप ने डंस लिया था, जिसके बाद परिजन मरीज के साथ-साथ उसी जिंदा सांप को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर सीधे अस्पताल ले आए। ये मंजर देख अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों के साथ साथ अन्य लोग भी दंग रह गए।
बताया जा रहा है कि, मामला मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले राजनगर का है। यहां एक युवक को एक जहरीले सांप ने काट लिया था। घटना के तुरंत बाद परिजन युवक को इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए। इसी बीच उन्हें किसी ने बताया कि, अगर सांप की पहचान करा दी जाए तो समय रहते डॉक्टरों द्वारा उचित एंटी वेनम देकर रीज को बचाया जा सकता है। इसपर परिजन ने उस सांप को भी पकड़ लिया, जजिसने युवक को काटा था।
यही नहीं, उसकी नस्ली शिनाख्त बताने के बजाए वो सांप को ही एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद करके मरीज के साथ अस्पताल ले आए। मरीज के परिजन की इस हरकत ने अस्पताल में मौजूद हर किसी को दंग जरूर कर दिया, लेकिन परिजन का मानना था कि, जिस तरह उन्हें जानकारी मिली है कि, सांप को देखकर डॉक्टर ये आसानी से पहचाना जा सकता है कि, वो कितना जहरीला है। उसी हिसाब से उसका सही एंटी-वेनम (एंटी स्नेक वेनम) और इलाज दिया जा सकता है। सिर्फ इसी उद्देश्य के तहत वो सांप को साथ लाए हैं।
हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीज का इलाज तो शुरू कर दिया है। साथ ही, सांप को देखकर समय रहते मरीज को उचित उपचार भी दिया जाने लगा है। लेकिन, चिकित्सकों के साथ साथ वन्यजीव विशेषज्ञों ने परिजन द्वारा किए गए इस कार्य को बेहद जोखिम भरा और खतरनाक बताया। सांप को डसने के बाद पकड़ने की कोशिश करना या उसे अस्पताल लाना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। वहीं, सर्प विशेषज्ञों के अनुसार, किसी को काटने के बाद सांप सामान्य तौर पर बेहद आक्रामक और गुस्सैल हो जाता है, जिससे आसपास के अन्य लोगों को भी उसके डसने का गंभीर खतरा बढ़ जाता है।
वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि, वैसे बारिश के दिनों में सांप के काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। वहीं, सांप द्वारा काटे जाने की स्थिति में बिना समय गंवाए मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की चिंता करें। ये बात सही है कि, सांप को देखकर उसका उचित एंटी वेनम दिया जा सकता है। लेकिन, जिंदा सांप को पकड़कर अस्पताल लाने का जोखिम उठाने के बजाय अगर तत्काल ही संभव हो तो सुरक्षित दूरी से उसकी फोटो या वीडियो बना लें। ताकि, मरीज को दिए जाने वाले इलाज में सहायता मिल सके।