
MP Weather (एमपी के 29 जिलों में भारी बारिश Photo Source- Patrika)
MP Weather Update : मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी के चलते सोमवार को प्रदेश के बालाघाट जिले में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के पर गौर करें तो शाम साढ़े पांच बजे तक जिले के मलाजखंड में 74 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, बैतूल में 4.0 मिलीमीटर, इंदौर में 0.1 मिलीमीटर और रीवा में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग के अनुसार, आगामी चार दिनों के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है। जबकि, सूबे के उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मध्यम से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में हो रही मानसूनी बारिश का ये दौर ओडिशा की तरफ बढ़ रहे गहरे अवदाब और रीवा-दतिया से होकर गुजर रही मानसूनी द्रोणिका के कारण जारी है। साथ ही दो ऊपरी हवा के चक्रवात भी सक्रिय हैं, जिनमें से एक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और दूसरा उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है।
मौसम के इन सिस्टम के चलते प्रदेश के पूर्वी इलाकों में काले बादल छाए हुए हैं, जबकि पश्चिमी जिलों में बारिश की गतिविधियां मौजूदा समय में धीमी हैं। संबंधित क्षेत्र में फिलहाल, बूंदाबांदी और बौछारें ही पड़ रही हैं। राजधानी भोपाल में भी बीते 24 घंटों के दौरान दिनभर धूप और छांव की स्थिति बनी रही। हालांकि, मंगलवार सुबह से यहां रुक रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी है।
प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। बावजूद इसके अबतक फिजा में ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। अधिकतर क्षेत्रों में लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।
Updated on:
28 Jul 2026 09:31 am
Published on:
28 Jul 2026 09:30 am
