मंदसौर

छाती पीट-पीटकर रोने वाली पत्नी ही निकली कातिल

mp news: पति की हत्या का आरोप पुलिस पर लगाने वाली पत्नी ही निकली हत्यारिन।
2 min read
Feb 26, 2026
mandsaur
wife accused of killing history sheeter husband bhaiyu lala

mp news: मध्यप्रदेश के मंदसौर में बदमाश भय्यु लाला हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने चौंका देने वाला खुलासा किया है। भय्यु लाला की हत्या के बाद छाती पीट-पीटकर रोने और पुलिस पर आरोप लगाने वाली उसकी पत्नी रुकसाना ही हत्या की आरोपी निकली। भय्यु लाला मंदसौर का बड़ा बदमाश था और उस पर 19 मामले दर्ज थे। उसकी लाश उसके ही घर में 18 फरवरी को मिली थी। आरोपी पत्नी रुकसाना अभी फरार है जबकि उसके दो सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी निकली कातिल

मंदसौर पुलिस ने भय्यु लाला हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 18 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाश भय्यु लाला अपने घर आया हुआ था और पलंग पेटी में छिपे होने के कारण उसकी दम घुटने से मौत हो गई है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भय्यु लाला उर्फ वाहिद का शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु की गई। घटना के वक्त भय्यु लाला की पत्नी रुकसाना ने छाती पीट-पीटकर रोते हुए पुलिस पर हत्या करने के आरोप लगाए थे जो तफ्तीश में गलत साबित हुए और पत्नी रुकसाना ही पति भय्यु लाला की कातिल निकली है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिला सुराग

भय्यु लाला के पोस्टमार्टम में पता चला कि उसकी मौत गोली लगने से हुई है। गोली भय्यु लाला के कान के पीछे तरफ लगी थी। इस आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और एसआईटी गठित की गई। तफ्तीश के दौरान सलमान खान और बबलू खान पर शक होने पर उनसे पुलिस के कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने पूरी वारदात का पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों ने बताया कि भय्यु लाला की हत्या उसकी ही पत्नी रुकसाना ने की है। उन्होंने घर से खून के निशान मिटाए थे और शव को पलंग पेटी में रखने के बाद जिस अवैध हथियार से हत्या हुई थी उसे छिपाया था। आरोपी पत्नी रुकसाना फिलहाल फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ये पता चला है कि पारिवारिक विवाद में रुकसाना ने पति भय्यु लाला की हत्या की है, पुलिस का कहना है कि आरोपी रुकसाना के पकड़े जाने के बाद ही वारदात के सही कारण का पता चल पाएगा।

Updated on:
26 Feb 2026 07:14 pm
Published on:
26 Feb 2026 07:14 pm