मंदसौर

‘एक घर के अंदर, दूसरा बाहर पहरे पर…’, एमपी से राजस्थान तक किया लाखों का माल चोरी

Inter State Thieves Arrest : 48 घंटे में खंगाले 100 से ज्यादा CCTV फुटेज, तब जाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। बदमाशों से 4.62 लाख के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद किए।
2 min read
Inter State Thieves Arrest
पिपलियामंडी में दिनदहाड़े नकबजनी का खुलासा (फोटो सोर्स: Patrika)

Mandsaur News : मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के अंतर्गत आने वाली पिपलियामंडी पुलिस ने ग्राम बालागुढ़ा और उमरिया में दिनदहाड़े सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत 4,62,150 रुपए का मशरुका बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जब्त की गई बाइक की कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी जा रही है।

मामले में पुलिस का कहना है कि, गिरफ्तार आरोपियों में 38 वर्षीय मिथुन बाबू उर्फ अल्ताफ, पिता नजीर शाह फकीर, निवासी कच्ची बस्ती, नीमचौड़ा, निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ और 40 वर्षीय इजराइल उर्फ कालू मोहम्मद, पिता इस्माइल खान, निवासी पितलवाड़ी कला, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ है। दोनों ही आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं।

48 घंटे में खंगाले 100 से ज्यादा CCTV

27 सितंबर को बालागुढ़ा में रहने वाले संदीप प्रजापत ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दिन उमरिया में रहने वाले पन्नालाल मालवीय ने भी ऐसी ही वारदात की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में पिपलियामंडी थाने में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस दोनों इलाकों में 100 से ज्यादा स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि, आरोपी दिन में मोटरसाइकिल से एमपी और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों के गांवों में घूमते और सूना मकान दिखाई देने पर एक आरोपी ताला तोड़कर घर के अंदर चोरी करता तो दूसरा मोटरसाइकिल पर बाहर खड़े रहकर आने-जाने वालों पर नजर रखता था। पुलिस का कहना है कि, दोनों करीब 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते थे।

एमपी और राजस्थान में दिया वारदातों को अंजाम

आरोपियों की निशानदेही पर बालागुढ़ा मामले में 2 लाख 50 हजार 130 रुपए और उमरिया मामले में 2 लाख 12 हजार 20 रुपए का चोरी गया मशरुका बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड आईसीजेएस पोर्टल पर भी खंगाला है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ मंदसौर, नीमच तथा राजस्थान के चित्तौड़गढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा जिलों में चोरी और नकबजनी के 15 से 20 मामलों में संलिप्तता सामने आई है।

Updated on:
29 Sept 2026 05:13 pm
Published on:
29 Sept 2026 04:14 pm