मंदसौर

‘बेटी बचाओ के पोस्टर दीवारों पर चमक रहे.. दरिंदे हमारी बच्चियों को नोच रहे हैं!’ मंदसौर कांड पर गरमाई सियासत

Garoth Case : गरोठ में 7 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी कर हत्या करने के मामले में एक तरफ जहां इलाके के लोगों में खासा आक्रोश है तो वहीं दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 4:28 PM IST
Garoth Case
उमंग सिंघार से सरकार से सवाल किए (फोटो सोर्स: patrika)

Mandsaur News :मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ इलाके में 7 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले में एक तरफ जहां पूरे शहर में आक्रोश है, वहीं दूसरी तरफ अब इसपर प्रदेश की सियासत भी गरमाने लगी है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, साथ ही राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस सनसनीखेज घटनाक्रम का जिक्र करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया कि, ''बेटी बचाओ' के पोस्टर दीवारों पर चमक रहे हैं, और हकीकत में दरिंदे हमारी बच्चियों को नोच रहे हैं! मंदसौर के गरोठ में 7 साल की मासूम के साथ हुई रूह कंपा देने वाली दरिंदगी ने इस सरकार के तथाकथित सुशासन वाली कानून-व्यवस्था के चेहरे से झूठ का नकाब हटा दिया है।'

कड़ी कार्रवाई की मांग

सिंघार ने आगे प्रदेश के मुखिया से सवाल करते हुए लिखा कि, 'मोहन यादव जी, जब आपका पुलिस-प्रशासन एक छोटी सी बच्ची को महफूज़ नहीं रख सकता तो ये सत्ता किस काम की? ऐसी निकम्मी और सोती हुई सरकार को शर्म आनी चाहिए। हमें सरकार के खोखले आश्वासन नहीं चाहिए, इन दरिंदों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए या फिर कुर्सी खाली करो!

दो आरोपी गिरफ्तार

इधर, पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे अबतक की पूछताछ में सामने आया है कि, बच्ची के साथ एक ही आरोपी ने कुकृत्य किया। आरोपी की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी दशरथ उसका सहयोगी बताया जा रहा है। दरिंदों ने बच्ची के चेहरे पर कई खरोचें मारी थीं। साथ ही, शरीर के साथ-साथ निजी हिस्सों पर चोट के निशान भी मिले हैं। बताया ये भी जा रहा है कि, उसके सिर पर भारी पत्थर से हमला किया गया है।

पोस्टमार्टम में हुई रेप की पुष्टि

इधर, 7 डॉक्टरों की टीम ने बच्ची का शॉर्ट पीएम किया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है। उसके सिर और चेहरे पर चोट, गला घोंटने और शरीर पर नोंचने के गहरे निशान भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपी 35 वर्षीय जितेंद्र मेहर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपी ने खुद के शरीर पर ब्लेड से लगे कट दिखाए और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने कहा कि, उसे कुछ लोग पकड़कर पीटने के बाद भाग गए थे।

संतरे का लालच देकर मासूम को साथ ले गया था आरोपी

एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव ने बताया कि, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोमवार को गांव में छोड़फाड़ उत्सव हो रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे उसकी नजर बच्ची पर पड़ी। उसने बच्ची को संतरा खिलाने का लालच दिया और अपने साथ ले गया। आरोपी के मुताबिक, उसके घर से करीब 500 फीट दूर एक पुराना बरगद का पेड़ है। वो बच्ची को वहीं ले गया। आरोपी गरोठ के माली मोहल्ले का रहने वाला है। वो और बच्ची के पिता गांव में मजदूरी करते थे। वहीं दोनों आपस में दोस्त थे।

'कड़ी कार्रवाई की जाएगी'

एसपी मंदसौर विनोद कुमार मीना के अनुसार, बच्ची से जुड़ी वारदात के दोषियों पर सख्त धाराओं में कार्रवाई होगी। घटनास्थल पर आवश्यक जांच भी की गई है। संदिग्धों को पकड़ा है और कुछ इनपुट भी मिले हैं। जल्द ही मामले का पूरी तरह से खुलासा किया जाएगा।

Updated on:
11 Nov 2026, 4:28 PM IST
Published on: