
नई दिल्ली। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज ( BSE ) ने सर्कुलर जारी कर कहा है कि एक फरवरी, 2020 यानी शनिवार को बजट के दिन घरेलू शेयर बाजार खुला रहेगा और उसमें कारोबार होगा। कारोबार का समय सामान्य रूप से सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रहेगा। एक्सचेंज का प्री-ओपन ट्रेड सुबह 9 बजे से 9:15 बजे के बीच होगा। एक्सचेंज ने मंगलवार देर रात एक नोटिस के जरिए यह जानकारी दी। आमतौर पर शनिवार को शेयर बाजार बंद रहते हैं।
यह पहली बार नहीं होगा, जब बजट के मौके पर घरेलू शेयर बाजार शनिवार को खुला रहने वाले हैं। इससे पहले पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली ने 28 फरवरी, 2015 को शनिवार के दिन बजट पेश किया था और उस दिन शेयर बाजार खुले रहे थे। आपको बता दें कि एक फरवरी को बजट संसद के पटल पर रखा जाएगा। देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दूसरी बार बजट पेश करेंगी।
अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों के साथ-साथ शेयर बाजार को भी इस बजट से बहुत अधिक उम्मीदें हैं। क्योंकि यह बहुत ही महत्वपूर्ण समय पर आने वाला है, जब देश मंदी से गुजर रहा है और महंगाई की दर बहुत अधिक है। भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर जुलाई-सितंबर तिमाही में घटकर 4.5 फीसदी रह गई, जो 2013 के बाद की सबसे कमजोर गति है। इस महीने की शुरुआत में सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए पांच प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया, जो 11 वर्षों में सबसे धीमा है।