शेयर बाजार ने आज सोमवार की सारी बढ़त गंवाई, सेंसेक्स 28265.31 अंकों पर बंद निफ्टी 50 343.95 अंकों की गिरावट के साथ 8253.80 अंकों पर हुआ बंद बैंकिंग सेक्टर, आईटी और टेक्स सेक्टर में देखने को मिली बड़ी गिरावट
नई दिल्ली। आज शेयर बाजार ने सोमवार की मिली पूरी बढ़त को गंवा दिया। आईटी, बैंकिंग और टेक सेक्टर में भारी बिकवाली के कारण शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। वहीं देश में कोरोना वायरस का खौफ भी साफ देखने को मिल रहा है। इसी डर की वजह से विदेशी निवेशक लगातार अपना रुपया निकाल रहे हैं। टीसीएस और इंफोसिस के शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। वास्तव में अमरीका में टेक वर्कर्स के संगठन ने एचबी1 वीजा पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगाने की मांग की है। जिसकी वजह से भी आईटी और टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। इन्हीं कारणों की वजह शेयर बाजार के दोनों सूचकांक बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए हैं।
लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार
आज शेयर बाजार में बड़ी बिकवाली देखने को मिली। बांबे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1203.18 अंकों की गिरावट के साथ 28265.31 अंकों पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 343.95 अंकों की गिरावट के साथ 8253.80 अंकों पर बंद हो गया। विदेश निवेशकों के इंडेक्स में भी गिरावट का दौर जारी रहा।सीएनएक्स मिडकैप 232.80अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं बीएसई स्मॉल कैप 102.01 और बीएसई मिड-कैप 229.95 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए।
आईटी, टेक और बैंकिंग सेक्टर धड़ाम
आज आईटी, बैंकिंग और टेक में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। पहले बैंकिंग सेक्टर की बात करें तो बैैंक एक्सचेंज और बैंक निफ्टी दोनों क्रमश: 1170.47 और 935.70 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए हैं। वहीं आईटी और टेक सेक्टर में क्रमश: 716.37 और 352.74 अंकों की गिरावट देखने को मिली है। कैपिटल गुड्स 298.74, बीएसई एफएमसीजी 356.22, तेल और गैस 212.98, बीएसई ऑटो 165.66, बीएसई हेल्थकेयर 179.12, बीएसई पीएसयू 149.61, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 115.17 और बीएसई मेटल 125.57 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ।
आईटी और टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट
आज टेक महिन्द्रा के शेयरों में 9.60 फीसदी की सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। वहीं कोटक महिन्द्रा बैंक का शेयर 8.83 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस के शेयर में आज 6.43 फीसदी की भारी गिरावट आई है। वहीं यूपीएल 6.36 फीसदी और इंफोसिस 6.03 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए हैं। वहीं दूसरी ओर हीरो मोटोकॉर्प 2.71 फीसदी, बजाज ऑटो 1.42 फीसदी, टाइटन कंपनी 0.25 फीसदी, बजाज फाइनेंस 0.16 और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 0.01 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए हैं।