Share Market News

वैश्विक कारणों की वजह से सोने और चांदी के बढ़े दाम, 150 रुपए का हुआ इजाफा

सोने और चांदी की कीमत में समान रूप से 150 रुपए का इजाफा अमरीकी वायदा बाजार में 8.20 डॉलर की तेजी के साथ उछला सोना चांदी हाजिर भी 0.03 डॉलर चमककर 17.81 डॉलर प्रति औंस पर

2 min read
Gold and silver prices rise due to global reasons, increase of Rs 150

नई दिल्ली। विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में रही तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने के दाम ( Gold Rate Today ) 150 रुपए चमककर 40,970 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए। चांदी की कीमत ( Silver Price ) भी 150 रुपए की बढ़त के साथ 47,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। आपको बता दें कि मंगलवार को सोने और चांदी की कीमत ( Gold And Silver Price ) में कटौती देखने को मिली थी। सोना 250 रुपए प्रति दस ग्राम सस्ता हुआ था।

विदेशों में सोना और चांदी चढ़ा
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 0.3 फीसदी चढ़कर 1,551.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा 8.20 डॉलर की तेजी के साथ 1,552.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि चीन और अमरीका के बीच व्यापार समझौते की प्रासंगिकता को लेकर उपजे संदेश से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने का आकर्षण बढ़ा है। अमरीकी वित्त मंत्री स्टिवन नूचिन ने मंगलवार को कहा कि पहले चरण के समझौते के बाद भी चीनी सामानों पर सीमा शुल्क में की गई बढ़ोतरी कायम रहेगी। उन्होंने बताया कि यह वृद्धि दूसरे चरण तक प्रभाव में रहेगी। इससे इस बात पर सवाल उठने लगे हैं कि समझौता कितना प्रभावी होगा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.03 डॉलर चमककर 17.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

स्थानीय बाजारों में महंगा हुआ सोना
स्थानीय बाजार में दो दिन की गिरावट से उबरता हुआ सोना स्टैंडर्ड 150 रुपए चढ़कर 40,970 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 40,800 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 100 रुपए टूटकर 30,700 रुपए के भाव पर आ गई। चांदी हाजिर भी 150 रुपए की बढ़त में 47,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा भी 170 रुपए चमककर 46,110 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली 10-10 रुपए की गिरावट में क्रमश: 970 रुपए और 980 रुपए प्रति इकाई पर रहे।

आज दोनों कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम:- 40,970 रुपए
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम:- 40,800 रुपए
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम:- 47,350 रुपए
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम:- 46,110 रुपए
सिक्का लिवाली प्रति इकाई:- 970 रुपए
सिक्का बिकवाली प्रति इकाई:- 980 रुपए
गिन्नी प्रति आठ ग्राम:- 30,700 रुपए

Updated on:
15 Jan 2020 03:56 pm
Published on:
15 Jan 2020 03:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर