Share Market News

सोना 1,150 रुपए चमककर चार सप्ताह के उच्चतम स्तर पर, चांदी के दाम में आंशिक गिरावट

7 जुलाई के बाद देखने को मिली एक दिन की सबसे बड़ी तेजी चांदी के दाम में 50 रुपए की गिरावट, 46,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर दाम सोने के दाम में चार हफ्तों की उच्चतम स्तर 39,420 रुपए प्रति 10 ग्राम पर
2 min read
Oct 04, 2019
Gold Price Today
Gold two and silver prices reached three week low

नई दिल्ली। त्योहारों के मौसम में आभूषण निर्माताओं की स्थानीय स्तर से जेवराती मांग आने और विदेशों में रही तेजी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शुक्रवार को 1,150 रुपए की बड़ी छलांग लगाता हुआ करीब चार सप्ताह के उच्चतम स्तर 39,420 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह बजट के अगले दिन छह जुलाई के बाद की सबसे बड़ी तेजी है। बजट में सोने पर सीमा शुल्क बढ़ाए जाने से छह जुलाई को इसके दाम 1,300 रुपए चढ़ गए थे। सोने के विपरीत चांदी में आज 50 रुपए की नरमी रही और यह 46,450 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी।

विदेशी बाजारों में सोने के दाम में तेजी
विदेशों में पीली धातु के 1,500 डॉलर प्रति औंस के पार निकलने से भी स्थानीय बाजार में इसके दाम बढ़े। लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 2.50 डॉलर चमककर 1,509.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। गुरुवार को भी इसमें तेजी रही थी और बीच कारोबार में यह 1,518.50 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ा था। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में रोजगार के कमजोर आंकड़े आने से आर्थिक संकट की चिंता बढ़ गयी है जिससे सोने में तेजी रही। निवेशकों ने पूंजी बाजार की बजाय सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु का रुख किया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी आज 1.20 डॉलर की बढ़त में 1,515 डॉलर प्रति औंस बोला गया। सोने के विपरीत चाँदी हाजिर 0.01 डॉलर फिसलकर 17.56 डॉलर प्रति औंस रह गयी।

स्थानीय बाजार में सोने के दाम बढ़े
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 1,150 रुपए की छलाँग लगाकर 39,420 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 39,250 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। हालाँकि आठ ग्राम वाली गिन्नी गत दिवस के 30,200 रुपए पर स्थिर रही। वैश्विक दबाव में चांदी में गिरावट रही। चांदी हाजिर 50 रुपए टूटकर 46,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा 240 रुपए लुढ़ककर 45,401 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 920 रुपए और 930 रुपए प्रति इकाई पर अपरिवर्तित रहे।

आज दोनों कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम: 39,420 रुपए
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम: 39,250 रुपए
चाँदी हाजिर प्रति किलोग्राम: .46,450 रुपए
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम: 45,401 रुपए
सिक्का लिवाली प्रति इकाई: 920 रुपए
सिक्का बिकवाली प्रति इकाई: 930 रुपए
गिन्नी प्रति आठ ग्राम: 30,200 रुपए

Updated on:
04 Oct 2019 04:37 pm
Published on:
04 Oct 2019 04:37 pm