दिल्ली में Petrol Base Price है करीब 25 रुपए, टैक्स लगकर हो जाता है 80 रुपए Petrol Diesel Price में जोड़ा जाता है Freight से लेकर VAT और Dealer Commission
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ( Petrol Price in Delhi ) बीते एक महीने से 80.43 रुपए लीटर पर बिक रहा है, जबकि इसका बेस प्राइस ( Petrol Base Price ) 25 रुपए लीटर से भी कम है। डीजल कोरोना काल में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पेट्रोल से ही महंगा हो गया था, लेकिन अब डीजल की कीमत ( Diesel Price in Delhi ) घटकर 73.56 रुपए लीटर हो गया है। दिल्ली सरकार द्वारा डीजल पर वैट ( Vat on Diesel Price ) में कटौती करने के बाद शुक्रवार को डीजल की कीमत 81.94 रुपए लीटर से घटकर 73.56 रुपए लीटर हो गया और तब से इसमें कोई फेरबदल नहीं हुआ है। हालांकि डीजल का भी बेस प्राइस ( Diesel Base Price ) 28.02 रुपए लीटर है। अब सवाल ये है कि आखिर 25 रुपए का पेट्रोल और 28 रुपए का डीजल के दाम में तीन से भी ज्यादा का इजाफा कैसे हो जाता है। आइए आपको भी बताते हैं।
कई तरह के लगते हैं टैक्स
वास्तव में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इनके बेस प्राइस पर मालभाड़ा और डीलर कमीशन तीनों के योग से भी ज्यादा इन पर टैक्स लगता है, जिसके कारण ये महंगे भाव पर मिल रहे हैं। यह है अलग-अलग राज्यों का अलग-अलग होता है। आईओसीएल की वेबसाइट पर दिल्ली का बिल्डअप प्राइस दिया गया है। यानी पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत का खेल समझने के लिए हमं दिल्ली के बिल्डअप प्राइस को ही आधार बनाना होगा।
कैसे तीन गुना से भी ज्यादा महंगा होता है पेट्रोल
इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर एक अगस्त को अपडेट किए गए पेट्रोल के बिल्डअप प्राइस के अनुसार
- पेट्रोल का बेस प्राइस 24.85 रुपए प्रति लीटर है।
- जिस पर 36 पैसे प्रति लीटर की दर से भाड़ा चुकाने के बाद दाम 25.21 रुपए प्रति लीटर होकर पेट्रोल पंप डीलर को उपलब्ध होता है।
- इस पर एक्साइज ड्यूटी 32.98 रुपए लीटर लगाया जाता है।
- अब इसमें डीलर का औसत कमीशन 3.68 रुपए भी जोड़ा जाता है।
- अब इसमें वैट 18.56 रुपए लीटर लगाया जाता है।
- जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल का सेलिंग प्राइस 80.43 रुपए लीटर हो जाता है।
28 रुपए के डीजल कैसे होती है तेजी
इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर एक अगस्त को अपडेट किए गए डीजल के बिल्डअप प्राइस के अनुसार
- डीजल का बेस प्राइस 28.02 रुपए प्रति लीटर है।
- जिस पर 33 पैसे प्रति लीटर की दर से भाड़ा भी इसमें जोड़ा जाता है।
- 28.35 रुपए लीटर की दर पर डीजल डीलर को उपलब्ध होता है।
- 31.83 रुपए प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी लगाई जाती है।
- डीलर का औसत कमीशन 2.58 रुपए लीटर भी जोड़ा जाता है।
- वैट 10.80 रुपए लीटर लगने के बाद डीजल के दाम 73.56 रुपए हो जाता है।
पेट्रोल और डीजल पर भारी टैक्स
दिल्ली में पेट्रोल के दाम 80.43 रुपए प्रति लीटर में 51.54 रुपए प्रति लीटर टैक्स है जबकि डीजल के दाम 73.56 रुपए लीटर में 42.63 रुपए प्रति लीटर टैक्स है। बता दें कि 30 जुलाई को दिल्ली सरकार ने डीजल पर वैट 30 फीसदी से घटाकर 16.75 फीसदी करने का फैसला लिया। पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी केंद्र सरकार लगाती है जो हर राज्य में लागू होती है, जबकि वैट राज्य सरकार लगाती है जो विभिन्न राज्यों में अलग-अलग है।
पेट्रोल और डीजल के दाम
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल की कीमत रविवार को क्रमश: 73.56 रुपए, 77.06 रुपए, 80.11 रुपए और 78.86 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई। चारों महानगरों में पेट्रोल का दाम क्रमश: 80.43 रुपए, 82.05 रुपए, 87.19 रुपए और 83.63 रुपए प्रति लीटर पर बना हुआ है।