
नई दिल्ली। देश की इकोनॉमी 40 साल में सबसे खराब दौर से गुजर रही है। राजकोषीय घाटा ( Fiscal Deficit ) 8 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है। महंगाई 9 फीसदी तक पहुंच गई है। इन तमाम बुरी खबरों के बीच आम लोगों के लिए राहत की बात ये है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत ( LPG Gas Cylinder Price ) में लगातार दूसरे महीने राहत मिली है। इसका मतलब साफ है कि गैस सिलेंडर के दाम में इजाफा नहीं हुआ है। वैसे देश की राजधानी दिल्ली में दाम स्थिर रहे हैं। यानी ना तो बढ़ें हैं और ना ही कम हुए हैं। कर्मशियल गैस सिलेंडर की कीमत ( Commercial Gas Cylinder Price ) में भी मामूली गिरावट देखने को मिली है। आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर आज देश के चारों महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम कितने हो गए हैं।
घरेलू गैस सिलेंडर में दूसरे महीने राहत
आईओसीएल से मिली जानकारी के अनुसार देश के चारों महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगातार दूसरे महीने राहत मिली है। जहां दिल्ली और मुंबई कीमतें स्थिर देखी गई हैं। वहीं कोलकाता और चेन्नई में गैस सिलेंडर की कीमत में 50 पैसे का इजाफा देखने को मिला है। जिसके बाद देश के चारों महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत क्रमश: 594 रुपए, 620.50 रुपए, 594 रुपए और 610 रुपए प्रति गैस सिलेंडर हो गए हैं।
कर्मशियल गैस सिलेंडर की कीमत में 2 रुपए की गिरावट
वहीं दूसरी ओर कर्मशियल गैस सिलेंडर की कीमत में 2 रुपए की गिरावट देखने को मिली है। आईओसीएल से मिली जानकारी के अनुसार देश के चारों महानगरों में नई दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में कर्मशियल गैस सिलेंडर की कीमत में 2 रुपए की गिरावट देखने को मिली है। जबकि चेन्नई में यह गिरावट 3 रुपए की देखने को मिली है। जिसके बाद चारों महानगरों में दाम क्रमश: 1133.50 रुपए, 1196.50 रुपए, मुंबई 1080 रुपए और 1250 रुपए हो गए हैं।