Share Market News

7 महीनों में डूब गए 6 लाख करोड़, लेकिन इन अरबपतियों ने जमकर भरी झोली

साल 2019 के पहले 7 महीनों में निवेशकों की डूबे 6 लाख करोड़ रुपये। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, टॉप 10 में से 5 भारतीय अरबपतियों की संपत्ति बढ़ी। लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति में सबसे अधिक कमी आई।

3 min read

नई दिल्ली। साल 2019 का पहला 7 महीना घरेलू शेयर बाजार के लिए किसी रोलर कोस्टर राइड से कम नहीं रहा है। इन सात महीनों में निवेशकों को कुल 6.07 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। इस दौरान इक्विटी इंडेक्स अपने उच्च्तम स्तर भी पहुंचे और फिर इनमें भारी गिरावट भी दर्ज की गई।

इसके बावजूद भी देश के कुछ टॉप धनकुबेर अपनी झोली भरने में कामयाब रहे। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, जुलाई माह में 10 में से 5 अमीरों की संपत्ति में इजाफा हुआ है। इन पांच में से चार लोगों की संपत्ति में 1 अरब डॉलर यानी 7,000 करोड़ रुपये तक का इजाफा हुआ है।

अजीम प्रेमजी की संपत्ति 3.06 अरब डॉलर बढ़ी

विप्रो के अजीम प्रेमजी इस लिस्ट में सबसे टॉप पर रहे हैं। उन्हें साल 2019 के पहले सात महीनों में करीब 3.06 अरब डॉलर का फायदा हुआ है। इसके साथ ही अब अजीम प्रेमजी की कुल संपत्ति बढ़कर 20.4 अरब डॉलर हो गई है। इस साल विप्रो कंपनी के शेयरों में 6 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।

मुकेश अंबानी की संपत्ति भी बढ़ी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी की संपत्ति में कुल 2.94 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ अब 31 जुलाई 2019 तक मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 47.3 अरब डॉलर हो गया है। ईयर टू डेट तक रिलायंस इंडस्ट्रीज की शेयरों में 2 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि, बीते 10 कारोबारी सत्रों में आरआईएल के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। आरआईएल की दूसरी कंपनियों के शेयरों में 33 फीसदी की गिरावट रही।

इन अरबपतियों की संपत्ति में इजाफा

कोटक महिंद्रा बैंक के सीएमडी उदय कोटक की संपत्ति में 1.96 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जिसके बाद अब उनकी कुल संपत्ति 13.4 अरब डॉलर की हो गई है। कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में अब 19 फीसदी की गिरावट रही है। अन्य अरबपतियों की लिस्ट में अडानी ग्रुप के गौतम अडानी, श्री सीमेंट्स के बेनु गोपाल बांगर और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शिव नादर की संपत्ति में भी क्रमश: 1.11 अरब डॉलर, 0.88 अरब डॉलर, 0.84 अरब डॉलर और 0.61 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

इन्हें हुआ सबसे अधिक घाटा

संपत्ति घटने वाले अरबतियों की लिस्ट की बात करें तो इसमें आर्सेलर मित्तल के लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति में सबसे अधिक गिरावट आई है। लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति में बीते 7 महीनों में करीब 2.01 अरब डॉलर की कमी आई है। लक्ष्मी मित्तल की कुल संपत्ति अब केवल 11.8 अरब डॉलर ही रह गया है। वाडिया ग्रुप के चेयरमैन नुसली वाडिया की संपत्ति में भी 1.44 अरब डॉलर की कमी आई है, जिसके बाद अब उनकी नई संपत्ति 5.86 अरब डॉलर की संपत्ति रही गई है। साथ ही सावित्रि जिंदल, दिलिप सांघवी, राधाकृष्ण दमानी, कुमार मंगलम बिड़ला, साइरस पुनावाला की संपत्तियों में गिरावट देखने को मिली है।

Updated on:
05 Aug 2019 04:18 pm
Published on:
05 Aug 2019 03:59 pm
Also Read
View All