Crime News: यूपी के मथुर में महिला से दुष्कर्म के आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक गोली बदमाश को लग गई, जबकि दूसरे ने सरेंडर कर दिया। दोनों ने वारदात को तब अंजाम दिया था जब महिला पति की हरकत से नाराज होकर घर से निकल गई थी।
मथुरा में महिला को अकेला देख आरोपियों ने उसे दबोच लिया। बारी-बारी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित महिला के पति शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद महिला का मेडिकल कराया। मेडिकल में रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। रविवार रात को पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना मथुरा के मांट थाना क्षेत्र की है। महिला का शनिवार की रात अपने पति से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद के बाद वह घर से निकलकर अकेली ही गांव के बाहर की ओर चली गई। इसी दौरान बेगमपुर गांव के राजकुमार और दुर्गेश ने महिला को अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया। दोनों महिला को यमुना नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित पेटूंन पुल के पास ले गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने और मदद की गुहार लगाने के बावजूद आरोपियों ने उसकी एक न सुनी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह महिला घर पहुंची और पति को पूरी बात बताई।
पीड़िता के पति ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाके में ही छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान राजकुमार ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली राजकुमार के बाएं पैर में लग गई। राजकुमार को गोली लगते ही दुर्गेश ने सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के पास से 1 तमंचा 3 कारतूस बरामद किए। आरोपी राजकुमार पर 2025 में नाबालिग के साथ रेप का एक मुकद्दमा दर्ज है।