मथुरा

BJP की लिस्ट जारी होते ही पार्टी में मची भगदड़, कार्यालय पर ताला जड़ सैकड़ों नेताओं ने किया भाजपा छोड़ने का ऐलान

UP Elections 2022 : मथुरा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ने जिला कार्यालय पर जमकर हंगामा किया है। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिला कार्यालय पर ताला जड़ दिया। इस दौरान गुस्साए नेताओं ने पार्टी छोड़ने तक का ऐलान कर दिया।

2 min read
Jan 16, 2022

UP Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों के ऐलान के बाद सभी दलों ने पहले और दूसरे चरण के प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए अपनी सूची जारी कर दी है। वहीं, भाजपा ने भी अपनी पहली सूची जारी कर दी है, जिसके बाद जगह-जगह से प्रत्याशियों का विरोध शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मथुरा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ने जिला कार्यालय पर जमकर हंगामा किया है। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिला कार्यालय पर ताला जड़ दिया। इस दौरान गुस्साए नेताओं ने पार्टी छोड़ने तक का ऐलान कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांट विधानसभा के टिकट में फेरबदल नहीं किया गया तो सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी का दामन छोड़ देंगे।

दरअसल, भाजपा के सैकड़ों नेताओं में रविवार को उस वक्त आक्राेश पनप गया जब मांट विधानसभा से एसके शर्मा का टिकट कट गया। टिकट कटने से गुस्साए एसके शर्मा के समर्थक जिला पार्टी कार्यालय पुष्पांजलि उपवन पहुंच गए। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ सुनील बंसल और अन्य पदाधिकारी और नेताओं के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही जिला कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने करीब दो घंटे तक पार्टी कार्यालय के बाहर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन करते रहे।

कोर कमेटी पर दोगलापन दिखाने का आरोप

इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एसके शर्मा को मांट विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया जाना चाहिए था, लेकिन पार्टी की कोर कमेटी ने दोगलापन दिखाते हुए राजेश चौधरी को मांट विधानसभा की टिकट दे दी है। मांट विधानसभा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसका विरोध करते हैं। अगर मांट से एसके शर्मा को पार्टी टिकट नहीं देती है तो सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी का दामन छोड़ रहे हैं।

पार्टी नेताओं में मचा हड़कंप

बड़ी संख्या में जिला कार्यालय पर कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के पहुंचने की सूचना जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को हुई तो पार्टी में हड़कंप मच गया। पार्टी कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास किया गया, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता अपनी जिद पर अड़े हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा से संपर्क करने की कोशिश कि गई तो मधु शर्मा से संपर्क नहीं हो पाया।

Published on:
16 Jan 2022 03:43 pm
Also Read
View All