
UP Elections 2022 : गाजियाबाद जिले की पांचों विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने सभी पुराने विधायकों पर ही इस बार भी दांव आजमाया है। लेकिन, उत्तर प्रदेश के पिछले चुनाव में सर्वाधिक वोटों से जीतने वाले साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सुनील शर्मा का इस बार विरोध शुरू हो गया है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से ही पूर्वांचल समिति के लोग लगातार निवर्तमान विधायक सुनील शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध कर रहे हैं। रविवार को पूर्वांचल समिति के लोग थाना इंदिरापुरम के बाहर पहुंचे और मौजूदा विधायक को प्रत्याशी बनाने के खिलाफ प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी देख पुलिस भी थाने से बाहर आ गई। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने हल्की झड़प के बाद मौके पर हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने जैसे ही जिला गाजियाबाद की विधानसभाओं पर पुराने प्रत्याशियों के नामों की लिस्ट जारी की। उनमें से उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र से घोषित किए गए सुनील शर्मा का विरोध शुरू हो गया है। सुनील शर्मा का विरोध पूर्वांचल के लोग खास तौर पर कर रहे हैं। रविवार को सुबह पूर्वांचल समिति के लोग थाना इंदिरापुरम के बाहर पहुंचे और उन्होंने सुनील शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो पुलिस के साथ भी उनकी काफी झड़प हुई। इस दौरान करीब आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत किया।
विधायक सुनील शर्मा पर लगाए ये गंभीर आरोप
पूर्वांचल समिति के पदाधिकारी सुबोध गुप्ता ने बताया कि साहिबाबाद विधानसभा गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा है। उन्होंने दावा किया कि इस विधानसभा में सबसे ज्यादा 95 प्रतिशत प्रवासी लोग ही रहते हैं। उनमें भी 70 प्रतिशत लोग पूर्वांचल और बिहारी हैं। सुबोध गुप्ता ने कहा कि पूर्वांचल के अधिकतर लोग भाजपा का ही समर्थन करने वाले हैं, लेकिन उनका नेतृत्व करने वाला कोई नहीं है। उनका आरोप है कि मौजूदा विधायक पूर्वांचल के लोगों की हमेशा ही अनदेखी करते हैं। उन्होंने कहा कि सुनील शर्मा ने पूर्वांचल के लोगों के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया है। इस इलाके में छठ घाट हो, या पोस्ट ऑफिस हो या उन लोगों को पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर निर्माण का कार्य, इनमें से कोई भी कार्य मौजूदा विधायक के द्वारा नहीं कराया गया है।
भाजपा हाईकमान ने कही थी प्रत्याशी बदलने की बात
उन्होने कहा कि इन बातों का जिक्र भाजपा हाईकमान तक भी पहुंच चुका है। उन्होंने इस बार प्रत्याशी बदले जाने की भी बात कही थी। लेकिन, दोबारा से सुनील शर्मा को ही प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। जिससे पूर्वांचल के लोग बेहद दुखी हैं। इसीलिए आज पूर्वांचल के लोगों को सुनील शर्मा के खिलाफ उतरना पड़ा है। बहरहाल जिस तरह से सुनील शर्मा का विरोध अभी से ही शुरू हो गया है, उससे लगता है कि कहीं ना कहीं इस बार सुनील शर्मा को जीत के लिए काफी मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है।
Published on:
16 Jan 2022, 3:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.