
मथुरा। एससी एसटी एक्ट में किये गए बदलाव के बाद देश भर में सवर्ण समाज इसका विरोध कर रहा है। सोशल मीडिया के जरिये छह सितंबर को बुलाये गए भारत बंद का असर मथुरा में मिला जुला देखने को मिला। मथुरा में जहां शहर इलाके में दुकानें खुली दिखाई दीं वहीं देहात क्षेत्र में बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
जगह जगह विरोध प्रदर्शन
एससी एसटी एक्ट में किये गए बदलाव के बाद अब सरकार का सवर्ण समाज विरोध कर रहा है। सवर्ण समाज के लोगों ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिये भारत बंद का आह्वाहन किया। इस बन्द का मथुरा में मिला जुला असर देखने को मिला। शहरी इलाकों में जहां दुकानें खुली हुई थीं तो वहीं देहात क्षेत्र में लोग प्रदर्शन कर दुकानों को बंद कराते नजर आए। सुरीर में जहां लोगों ने अर्ध नग्न हो कर प्रदर्शन किया वहीं फरह, गोवर्धन में भी लोग सड़कों पर उतरे और शांति पूर्ण तरीके से दुकान बन्द कराते हुए नजर आए। सुरीर कस्बे में अर्ध नग्न होकर प्रदर्शन कर रहे मनोज नाम के व्यापारी ने कहा कि आज हम लोग अर्धनग्न होकर जो प्रदर्शन कर रहे हैं इसका कारण है SC/ST एक्ट। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं और सरकार को बता देना चाहते हैं कि हम अपने हक़ के लिए आगे भी विरोध करते रहेंगे।
सरकार ने किया छलावा
भारत बंद के आह्वान पर आज दुकानों को खुला देख स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और दर्जनों की संख्या में लोग एकत्रित होकर सड़कों पर उतर आये और दुकान खुली थी उनको बंद करवा दिया गया। प्रदर्शनकारी अनिल ठाकुर का कहना था कि जिस तरह से सवर्णों के साथ सरकार ने छलावा किया है वो निंदनीय है। आज हम लोगों ने खुली दुकानों को शांति पूर्ण ढंग से बंद कराया है और सरकार की इस नीति का हम आगे भी विरोध करेंगे जब तक काला कानून वापस नहीं लिया जाता।