
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के ओल गांव में मंगलवार को दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही गांव में पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है।
बीचबचाव करने गए युवक को पीटा
बताया गया है कि बुलोरो गाड़ी एक मकान से टकरा गई थी। इसी बात को लेकर समुदाय विशेष के कुछ लोग कार चालक को पीटने लगे। तभी वहां से गुजर रहे युवक ने बीचबचाव करने का प्रयास किया तो दबंग लोगों ने उसे भी पीट दिया। जिससे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। घटना में ओमप्रकश, अजीत, अशोक, नरेंद्र और एक अन्य घायल हो गए हैं। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
दोनों पक्षों में फायरिंग, जमकर चले लाठी-डंडे
घायल ओमप्रकश के मुताबिक उनका छोटा भाई अजीत बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। तभी रास्ते में समुदाय विशेष के लोग एक शख्स को पीट रहे थे। उनके भाई ने बीचबचाव किया तो दबंगों ने उसको भी पीट दिया। दबंगों के पास पास लाठी, डंडे, फर्सा थे। अपने भाई को वे लोग जब बचाने पहुंचे तो उन लोगों पर भी हमला कर दिया। जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया
एसपी सिटी श्रवण कुमार ने बताया कि मकान से गाड़ी टकरा जाने के बाद गांव के दो पक्षों में विवाद हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को हिरासत में लिया है। जो भी आरोपी हैं उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना में कुछ लोगों को चोट आई हैं, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।