हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने टैंकर चालक की जमकर पिटाई कर दी।
मथुरा। दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित टैंकर ने सड़क किनारे खड़े टैम्पो में टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि आधा दर्जन के करीब गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने टैंकर चालक की जमकर पिटाई कर दी।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक मथुरा में थाना कोतवाली वृन्दावन इलाके में दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया जब दिल्ली की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर संख्या UP-85 AT-9348 ने सड़क किनारे खड़े टैम्पो संख्या UP-85 AT-6240 में टक्कर मार दी। हादसे में टैम्पो में सवार चार लोगों की मौत हो गयी जबकि आधा दर्जन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने टैंकर चालक की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टैम्पो चालक टैम्पो का टायर पंचर होने के कारण उसे बदल रहा था। उसी समय पीछे से आ रहे टैंकर ने उसमें टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह गुस्साए लोगों से टैंकर चालक को छुड़ाया और उसे हिरासत में ले लिया। स्थानीय नागरिक चरण सिंह का कहना है कि टैम्पो का टायर फट गया था और चालक उसे बदल रहा था इतनी देर में एक टैंकर पीछे से टैम्पो में टक्कर मार देता है। हम लोग आवाज सुनकर वहां गए तो कुछ लोग मरे हुए थे और कुछ घायल थे पुलिस मौके पर आयी घायल को अस्पताल भेज दिया गया है।
क्या कहना है एसपी सिटी का
एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि केडी डेंटल कॉलेज के पास सड़क हादसा हुआ है और इस हादसे में चार व्यक्तियों की मौत हो गयी है जिसमें दो लड़कियां हैं और दो लड़के। मरने वालों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मृतकों को अस्पताल भेज दिया है टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।