जाम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई।
मथुरा। धर्मनगरी में आज सुबह से जाम के झाम में फंसी है। चारों तरफ जाम इतना लंबा है कि लोग घंटों से इस जाम में फंसे हैं, कहीं से निकलने को जगह नहीं मिल रही। जाम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई। पुलिस प्रशासन के सभी इंतजाम फेल नजर आ रहे हैं।
जिधर देखो उधर जाम
धर्म नगरी मथुरा में हर दिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। वैसे तो यहां हर दिन जाम के हालात रहते हैं लेकिन सोमवार सुबह से ही मथुरा में हर तरफ जाम ही जाम देखने को मिल रहा है। भूतेश्वर चौराहा, बस स्टैंड चौराहा और नेशनल हाईवे 2 जिधर भी देखो उधर जाम लगा है। नेशनल हाईवे 2 पर जयगुरुदेव आश्रम के समीप मंडी चौराहे से लेकर नरहोली पुल तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है। इस जाम में घंटों लोग से लोग फंसे हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े जाम के दौरान भी पुलिस या यातायात पुलिस ने जाम खुलवाने की जहमत तक नहीं उठाई। लोग सुबह से जाम से जूझ रहे हैं। करीब पांच किलो मीटर लंबे इस जाम में सैकड़ों वाहन फंसे हैं।
नहीं दिखे पुलिसकर्मी
मध्य प्रदेश से आए शिव नाम के यात्री ने बताया कि हम लोग यहां दर्शन करने के लिए आए थे लेकिन नेशनल हाईवे 2 पर इतना लंबा जाम लगा हुआ है की हमें दो घंटे से भी ज्याजा समय इस जाम में फंसे हुए हो गया। यहां न तो कोई ट्रैफिक पुलिस वाला दिखाई दे रहा है और न ही कोई पुलिसकर्मी।