Crime News: हेलो…अम्मी कुछ बोल नहीं रहीं, शायद साइलेंट हार्ट अटैक पड़ा है। बहू की काल पर बेटा और पति हड़बड़ी में घर पहुंचे, रोना-धोना हुआ और सास को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। किसी को जरा भी शक नहीं हुआ कि यह मौत नहीं, बल्कि एक खौफनाक साजिश थी।
मथुरा में बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी। मौत को हार्ट अटैक बताकर दफन भी करा दिया। तीन दिन बाद बहू का ननद से झगड़ा हो गया। इस दौरान उसके मुंह से निकल गया कि जैसे तेरी मां को मारा, तुझे भी खत्म कर दूंगी।
बहू के मुंह से यह बात सुनते ही परिवार सन्न रह गया। ससुर ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने का मजिस्ट्रेट की अनुमति से सास का शव कब्र से निकलवाया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया तो गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने बहू को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ में वह टूट गई। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।
मामला मथुरा के राया थाना क्षेत्र के भंकरपुर बसेला गांव का है। यहां के अनवर (50) अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी अनवरी (52), बेटा आमिर (26), बहू हिना (24) और बेटी अमीना (24) हैं। बेटे आमिर की शादी हिना से 2020 में हुई थी। वह हाथरस के कोटा कपूरा गांव की रहने वाली है। अनवर और उनका बेटा आमिर दोनों नोएडा में ड्राइवरी का काम करते हैं। बाप-बेटे के बाहर रहने के कारण घर पर अक्सर सास और बहू ही रहती थीं।
पुलिस के मुताबिक, 2 मार्च की रात हिना ने नोएडा में मौजूद अपने पति आमिर को फोन कर बताया कि उसकी मां अनवरी बोल नहीं रही हैं। लगता है कि उनको साइलेंट हार्ट अटैक आया है। मां की मौत की सूचना मिलते ही आमिर और उसके पिता गांव पहुंच गए। 3 मार्च को परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में अनवरी को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
इसी बीच 6 मार्च को हिना और उसकी ननद अमीना के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में हिना ने कह दिया कि जैसे तेरी मां को मारा, तुझे भी खत्म कर दूंगी। यह सुनकर अमीना सन्न रह गई। उसने पूरी बात अपने पिता अनवर और भाई को बताई।
इसके बाद अनवर ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पड़ोसियों ने बताया कि गांव का ही युवक आदिल अक्सर हिना से मिलने घर आता था और दोनों के बीच नजदीकियां थीं। शक गहराने पर अनवर ने 8 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
9 मार्च को जिलाधिकारी से कब्र से शव निकालने की अनुमति ली गई। 10 मार्च को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में अनवरी का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हिना को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने प्रेमी आदिल के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।
हिना ने बताया कि उसका आदिल से पिछले 2 साल से प्रेम संबंध था। पति व ससुर के बाहर रहने पर वह अक्सर घर आता था।
2 मार्च की रात भी आदिल घर पर था। इसी दौरान अनवरी की नींद खुल गई और उन्होंने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। राज खुलने के डर से उसने और आदिल ने मिलकर तकिए से अनवरी का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में हिना ने फोन कर साइलेंट हार्ट अटैक से मौत की झूठी कहानी बना दी।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी में मौत की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी और शव को दफना दिया गया था। 8 मार्च को पति अनवर की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई। जिलाधिकारी के आदेश पर शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी हिना और उसके प्रेमी आदिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।