मथुरा

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदला, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना

West UP Weather Update : मौसम विभाग के अनुसार मेरठ मंडल में तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंचा, जबकि गाजियाबाद में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। जानिए उत्तर प्रदेश के मौसम का पूरा हाल।

2 min read
Jun 10, 2026
UP Weather, IMD Alert
UP Weather : पश्चिमी यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 3 घंटे में आ सकता है आंधी-तूफान, PC- Chatgpt

मथुरा(UP Weather Alert) : ब्रज क्षेत्र में लू की चुभन और तेज धूप से बेहाल लोगों को शाम के अंधड़-बारिश ने कुछ राहत दी, लेकिन मौसम विभाग अब अगले तीन घंटों में पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में फिर से खतरनाक बदलाव की चेतावनी दे रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लखनऊ के अनुसार, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल और आसपास के इलाकों में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंके 70 किलोमीटर तक पहुंचने की आशंका है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी होने की संभावना जताई गई है।

अलीगढ़, बुलंदशहर और संभल में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत हवाओं के साथ 50 किलोमीटर तक के झोंके, आकाशीय बिजली और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसी तरह बांदा, हमीरपुर, महोबा समेत आसपास के जिलों में भी 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की हवाएं, मेघ गर्जन और हल्की बारिश की आशंका है।

कल ब्रज में क्या हुआ?

मंगलवार को आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद समेत पूरे ब्रज क्षेत्र में दिनभर लू चली। शाम होते-होते अचानक मौसम ने करवट बदली। 65-70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरा अंधड़ उठा, जिसने लोगों को दहला दिया। आगरा में होर्डिंग उड़ गए, पेड़ टूटे, कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। करीब 20 मिनट तक चले इस तूफान के बाद तेज बारिश शुरू हुई। नतीजतन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और रात में सुहावना मौसम छा गया। मथुरा-फिरोजाबाद में भी पोल और होर्डिंग गिरने की घटनाएं सामने आईं।

खराब मौसम में पेड़ों के नीचे न लें शरण

मौसम विभाग ने आमजन, खासकर किसानों, सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और खुले में काम करने वालों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने, खुले मैदान में रहने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ मंडल (मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़) में कल दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। इस मंडल में तापमान सामान्य से +1.6 डिग्री सेल्सियस से +3.0 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर दर्ज किया गया। शेष सभी मंडलों में तापमान लगभग सामान्य रहा। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से -1.5 डिग्री सेल्सियस से +1.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राज्य भर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस गाजियाबाद में दर्ज किया गया।

Published on:
10 Jun 2026 06:30 pm