मथुरा

मासूम बेटे की कनपटी पर रखा तमंचा, फिर बदमाशों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम

बदमाशों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है।

2 min read
Nov 01, 2017
son hostage at gunpoint
son hostage at gunpoint

मथुरा। जिले में एक बार फिर बदमाशों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र की नवनीत नगर कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक मकान में घुसे बदमाशों ने एक बच्चे को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाश नकदी और सोने-चांदी के गहने भी लूट कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दिनदहाड़े हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र की नवनीत नगर कॉलोनी में मोहम्मद इमरान का मकान है। बताया गया है कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे इमरान मंडी गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी और बच्चे थे। इसी बीच हथियारों से लैस तीन बदमाश उनके घर में घुस आए और घर में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने इमरान के पांच साल के बेटे को गन प्वाइंट पर ले लिया और घर में जमकर लूटपाट की।

50 हजार कैश, गहने लूटे
बदमाशों के जाने के बाद मोहम्मद इमरान की पत्नी और बच्चों ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कुछ देर बाद मोहम्मद इमरान भी वहां पहुंच गए। इमरान ने बताया कि बदमाश अलमारी में रखे 50 हजार रुपए कैश और सोने-चांदी के गहने लूटकर ले गए।

जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में एसपी देहात आदित्य शुक्ल ने बताया कि शहर कोतवाली इलाके में हथियारबंद बदमाश घर में घुसे और बच्चे की कनपटी पर गन रखकर घर में लूटपाट की। घर का मालिक मंडी गया था उसी के दौरान ये घटना हुई। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Published on:
01 Nov 2017 04:02 pm