मथुरा

भाजपा जिलाध्यक्ष के घर बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, कैबिनेट मंत्री के भतीजे को भी धमकी

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय के आवास पर छह बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हैरानी की बात यह आरोपियों ने फायरिंग तब की जब राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू शहर में ही मौजूद थी।

2 min read
Sep 25, 2025
युवक ने पत्नी और बेटी को मारी गोली (File Photo)

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय के आवास पर छह बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन-चार राउंड गोलियां चलाने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान हाई सिक्योरिटी के बीच हुई, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोसीकलां थाना क्षेत्र के नरसी विलेज कॉलोनी में रहने वाले भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय बुधवार रात करीब 10 बजे अपने घर पर थे। उन्होंने बताया कि शाम 8:30 बजे एक फोन आया, जिसमें कॉलर ने खुद को लोकेश पंडित बताया। लोकेश ने उनसे जस्सी किन्नर की मदद करने का सवाल किया, जिसका पांडेय ने भाजपा कार्यकर्ता के नाते समर्थन दिया। इसके बाद फोन कट गया।

ये भी पढ़ें

पत्नी पति से मांग रही थी तलाक और पैसे, नहीं दिए तो काट लिया कान

लगभग डेढ़ घंटे बाद दो बाइकों पर सवार छह बदमाश घर के बाहर पहुंचे और गेट पर तीन-चार राउंड फायरिंग की। गोलियां गेट में धंस गईं, लेकिन कोई हादसा नहीं हुआ। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरदेव चौधरी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। नरदेव चौधरी कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के भतीजे हैं।

जमीन विवाद से जुड़ी घटना: लोकेश पंडित का हाथ?

पुलिस जांच के अनुसार, यह घटना छाता कस्बे में जस्सी किन्नर के प्लॉट को लेकर विवाद से जुड़ी लग रही है। लोकेश पंडित नामक अपराधी ने प्लॉट पर हस्तक्षेप की कोशिश की, जिसका भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने विरोध किया। इसी गुस्से में लोकेश ने फायरिंग का आदेश दिया। लोकेश पंडित राजस्थान के कठूमर का निवासी है और कोसी में अपनी ननिहाल में रहता है। उसके खिलाफ राजस्थान व उत्तर प्रदेश में 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें शराब तस्करी से लेकर अन्य अपराध शामिल हैं। तीन महीने पहले पुलिस ने उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, लेकिन एक हफ्ते पहले जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर सक्रिय हो गया।

विधायक ने दी पुलिस को चेतावनी

घटना पर भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा चल रहा था, पूरा शहर हाई सिक्योरिटी में था। फिर भी बदमाशों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के घर पर फायरिंग कर दी। यह पुलिस की सबसे बड़ी नाकामी है।' विधायक ने आगे कहा कि थाना प्रभारी कुछ कर पाने में असमर्थ हैं और कुछ पुलिसकर्मी आरोपी के संपर्क में हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी, 'ऐसे अपराधियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। हम चुप नहीं बैठेंगे, जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से बात करेंगे।'

आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दे रही दबिश

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं और धमकी भरे फोन कॉल को ट्रेस कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जिसमें मुख्य आरोपी लोकेश पंडित शामिल है। एसपी ने कहा, 'टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे।' पुलिस ने जिलाध्यक्ष के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है।

ये भी पढ़ें

जब पुलिस घेराबंदी में फंसा प्रेमी… पहले नाबालिग प्रेमिका को मारी गोली फिर खुद भी कर लिया सुसाइड

Published on:
25 Sept 2025 08:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर