
IIT Pass Baba Arrested: मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में IIT पास इंजीनियर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी बाबा बनकर अमीर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था और फिर उन्हें ब्लैकमेल करता था। इस संबंध में एक छात्रा ने एसएसपी से शिकायत करके न्याय की गुहार लगाई थी।
अपने शिकायती पत्र में छात्रा ने बताया कि बाबा ने अपना परिचय प्रवचन देने वाला कहकर किया था। जिसने दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ संबंध बनाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सफेद ड्रेस में घूमने वाले बाबा को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में आईआईटी पास करके बाबा बने अभिषेक मिश्रा (29) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने अपना नाम बदलकर आदिकर्ता नारायण दास रख लिया था। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक छात्रा ने एसएसपी से शिकायत की थी। अपने शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि वह बीएससी नर्सिंग थर्ड ईयर की छात्रा है। उसकी बहन मथुरा में इंटर्नशिप कर रही है, जो अभिषेक मिश्रा के यहां किराए पर रहती है।
शिकायती पत्र में बताया कि बीते 17 मई को छात्रा का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह मथुरा आई थी। जन्मदिन के मौके पर 17 मई को छात्रा की अभिषेक मिश्रा से मुलाकात हुई। इस दौरान अभिषेक ने अपना परिचय प्रवचन देने वाला करके बताया। रात में उसकी बहन मंडली के साथ भजन कीर्तन करने चली गई। इसी दौरान अभिषेक मिश्रा घर में आया और थोड़ी देर रुक कर चला गया।
रात 9 बजे अभिषेक फिर से कमरे में आया। इस दौरान वह एक ग्लास दूध लेकर आया था, जिसे उसने प्रसाद के नाम पर छात्रा को पीने के लिए कहा। पीड़िता का कहना है कि जब उसने दूध पीने से इनकार किया तो बाबा ने जबरन दूध पिला दिया।पीड़िता के अनुसार, दूध पीने के बाद वह बेहोश हो गई। जब होश आया तो उसके पेट में दर्द हो रहा था। अभिषेक मिश्रा उसके साथ गलत हरकत कर रहा था। विरोध करने पर अभिषेक मिश्रा ने मां, बाप और बहन को मार देने की धमकी दी। जिससे वह डर गई और वह छत्तीसगढ़ वापस आ गई।
छात्रा अपने घर छत्तीसगढ़ चली गई, लेकिन बाबा ने पीछा नहीं छोड़ा और व्हाट्सएप कॉल करके 5 लाख रुपए की मांग की। कहने लगा रुपए नहीं दिए तो फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इन सब घटनाओं के कारण वह तनाव में रहने लगी। इस संबंध में उसने पिता को पूरी जानकारी दी। बेटी के साथ हुए घटनाक्रम को सुनकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने पुलिस से शिकायत करने को कहा।
पीड़िता ने एसएसपी मथुरा को शिकायती पत्र देखकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी मथुरा ने पुलिस को कार्रवाई कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस संबंध में एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपी अभिषेक मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके पर दो युवतियों के साथ एक युवक मिला। जिसे परिवार वालों को सौंप दिया गया।
क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभिषेक मिश्रा ऑनलाइन प्रवचन के माध्यम से युवक और युवतियों को अपने जाल में फंसाता था, ब्रेनवाश कर उसके साथ संबंध बनाता था। युवक-युवतियों का गंधर्व विवाह भी करने की जानकारी हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।