
फोटो सोर्स- X वीडियो ग्रैब
Prayagraj murder: प्रयागराज में बेटी के घर से भागने और कोर्ट मैरिज करने से नाराज पिता ने 55 वर्षीय अधेड़ को चापड़ मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन घायल को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद अभियुक्तों में दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला घूरपुर थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेरा चकिया गांव में 55 वर्षीय तिलकधारी को चापड़ मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजन तिलकधारी को अस्पताल लेकर जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने के पहले तिलकधारी की मौत हो गई। इस संबंध में मृतक परिजन ने थाना में तहरीर देकर गंगा प्रसाद और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इधर परिजनों ने बताया कि गंगा प्रसाद की बेटी तिलकधारी के भाई के बेटे शिवम के साथ चली गई थी जिसने कोर्ट मैरिज भी कर लिया है। इस संबंध में दोनों परिवारों के बीच विवाद बना रहता था। रिश्तेदारों की उपस्थिति में समझौते के लिए बातचीत हुई। लेकिन तनाव कम नहीं हुआ।
बातचीत के दौरान तनाव इतना बढ़ गया कि गंगा प्रसाद ने तिलकधारी को धमकी देते हुए चला गया कि अंजाम बहुत बुरा होगा। बताते हैं कि आज तड़के गंगा प्रसाद ने चापड़ से तिलकधारी के ऊपर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि दो पक्षों में हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नामजद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
Updated on:
02 Jun 2026 03:05 pm
Published on:
02 Jun 2026 07:54 am
