मथुरा

ऊर्जामंत्री ने बिजली के स्पार्क से जली फसल का किसान को दिया मुआवजा

'जनता दर्शन' में ऊर्जामंत्री ने लोगों की समस्याओं व शिकायतों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिए आदेश।

2 min read
Apr 15, 2018
UP Energy Minister Shrikant Sharma

मथुरा। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने रविवार सुबह मथुरा में राधा वैली स्थित आवास पर आमजन की शिकायतों को सुना। 'जनता दर्शन' में आए लोगों ने गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी शुरू न होने, विद्युत उपकेंद्र कार्यालय से ट्यूबवेल कनेक्शन का सामान न मिलने, नगर निगम क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न लगने और पिछले सप्ताह आंधी में टूटे बिजली के पोल न बदले जाने की शिकायतों से ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया। शिकायतों को सुनकर ऊर्जा मंत्री ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई करने की शिकायत
पुलिस द्वारा भूमि विवाद के कुछ मामलों में एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने और कई आपराधिक मामलों में उदासीनता बरतने की शिकायतों का भी ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को मामलों की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

किसान को सौंपा मुआवजा राशि का चेक
जनता दर्शन के बीच ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने गोवर्धन के ग्राम-गांठोली निवासी किसान रामकरण पुत्र छोटेलाल को फसल के नुकसान की मुआवजा राशि का चेक सौंपा। दिनांक 12 अप्रैल 2018 को आंधी से एचटी लाइन में स्पार्क होने की वजह से रामकरण के गेहूं के खेत में आग लग गई थी। प्रशासन ने पीड़ित किसान के नुकसान का आंकलन करते हुए अपनी रिपोर्ट दी। इसके आधार पर 17,160 रुपए की मुआवजा राशि तय की गई। इस राशि का चेक 15 अप्रैल को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पीड़ित किसान को सौंपा।

Published on:
15 Apr 2018 08:04 pm