मथुरा

प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे विराट-अनुष्का, ‘एकांतिक वार्तालाप’ में लिया हिस्सा

Virat Kohli Anushka Sharma Vrindavan visit : भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने वृंदावन में संत श्री हित प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए। आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर दोनों ने 'एकांतिक वार्तालाप' में हिस्सा लिया और आध्यात्मिक शांति प्राप्त की।
2 min read
Apr 20, 2026
Feature image
प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, PC- Patrika

वृंदावन : क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ सोमवार को वृंदावन पहुंचे। दोनों ने श्री हित राधा केली कुंज आश्रम (वराह घाट) में परम पूज्य वृंदावन रसिक संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज (प्रेमानंद जी महाराज) के दर्शन किए और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने 'एकांतिक वार्तालाप' भी की, जो उनके बढ़ते आध्यात्मिक झुकाव को और स्पष्ट करता है।

आश्रम द्वारा जारी वीडियो और तस्वीरों में दोनों भक्तों की भीड़ के बीच शांत भाव से बैठे नजर आए। वे महाराज जी के प्रवचन को ध्यानपूर्वक सुनते दिखे। यह यात्रा उनके व्यस्त आईपीएल शेड्यूल के बीच मिले ब्रेक का सदुपयोग भी था।

विराट और अनुष्का का आध्यात्म की ओर लगातार बढ़ रहा झुकाव

पिछले कुछ वर्षों में विराट और अनुष्का का आध्यात्म की ओर रुझान लगातार बढ़ा है। 2023 में उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर (उज्जैन) और नीम करोली बाबा आश्रम (कैंची धाम) के दर्शन किए थे। उसके बाद से वृंदावन उनका नियमित ठिकाना बन गया है। प्रेमानंद जी महाराज वैष्णव परंपरा के प्रमुख संत हैं, जिनके प्रवचन भक्ति, गुरु-शरण और जीवन के उद्देश्य पर केंद्रित रहते हैं।

पिछले पांच महीनों में तीसरी बार वृंदावन यात्रा

यह विराट-अनुष्का की पिछले पांच महीनों में तीसरी यात्रा है। बेटे अकाय के दूसरे जन्मदिन (15 फरवरी) के ठीक बाद। 2025 में विराट और अनुष्का तीन बार प्रेमानंद महाराज जी के आश्रम में पहुंचे।

इससे साफ है कि श्री हित राधा केली कुंज आश्रम उनके लिए बेहद खास बन चुका है। दंपती सादे कपड़ों में, बिना किसी दिखावे के भक्तों के बीच बैठकर घंटों भजन-कीर्तन और प्रवचन में लीन रहते हैं।

मैच ब्रेक का फायदा उठाया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेल रहे विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के व्यस्त शेड्यूल से समय निकाला। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 13 गेंदों पर 19 रन बनाए (3 चौके लगाए)। अगला मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने से पहले मिले पांच दिन के ब्रेक का उन्होंने आध्यात्मिक यात्रा के लिए उपयोग किया।

क्रिकेट और फिल्म की चकाचौंध भरी जिंदगी के बीच दोनों लगातार आध्यात्मिक संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अनुष्का कई बार कह चुकी हैं कि भक्ति और ध्यान उनके जीवन का अहम हिस्सा है। विराट ने भी 2023-24 के खराब फॉर्म के बाद इस रास्ते पर और मजबूती से कदम रखा। फैंस इसे उनके करियर के 'टर्निंग पॉइंट' के रूप में देखते हैं।

Updated on:
20 Apr 2026 03:47 pm
Published on:
20 Apr 2026 03:47 pm