मऊ

मां और पत्नी की मौत का ससुर था कारण! तंत्र-मंत्र का शक होने पर ससुर की हत्या, मऊ में दामाद समेत 4 अरेस्ट

Murder case solved in mau: mau crime news : मऊ में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के शक में एक दामाद ने अपने बेटे और साथी संग मिलकर ससुर की हत्या कर दी है।
2 min read
Jul 02, 2026
Mau news
पकड़े गए आरोपी, Pc- Patrika

Crime news Mau: मऊ में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के शक में एक दामाद ने अपने बेटे और साथी संग मिलकर ससुर की हत्या कर दी है। इस मामले का खुलासा करता हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। घटना का खुलासा होने के बाद मृतक और आरोपी के परिजन भी सन्न रह गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, घोसी पुलिस ने अंधविश्वास और झाड़ फूंक के चक्कर में हुई बुजुर्ग की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि जमालपुर-मिर्जापुर हाईवे पर पुलिया के नीचे से सिर कटा एक शव बरामद किया गया था। जांच के बाद मृतक की शिनाख्त मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के सहदेवपुर के रहने वाले सुभाष के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक के बेटे ने मामले में तहरीर सौंपी थी, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की गई।

दामाद, उसके दो बेटे और रिश्तेदार गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में टीम गठित करके जांच शुरू की और शक की सुई दामाद पर जा टिकी। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नदवा सराय अंडरपास के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मृतक का दामाद भारत है। उसी ने अपने बेटे पवन कुमार, अवधेश कुमार और एक रिश्तेदार बबलू के साथ मिलकर अपने ससुर की हत्या कर दी थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका ससुर सुभाष झाड़ फूंक और तंत्र मंत्र किया करता था। आरोपी को शक था कि उसके घर में उसकी पत्नी और मां की मौत का कारण उसका ससुर ही है, जिसके बाद उसने बदला लेने की ठानी। इस दौरान बेटे और रिश्तेदार के साथ मिलकर उसने सुभाष की चाकू से हत्या कर दी और शव को हाईवे किनारे पुलिया के नीचे झाड़ियां में छुपा दिया।

हत्या के बाद पछतावा नहीं

पुलिस ने बताया है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी दामाद ने बताया है कि उसे इस हत्या के बाद किसी तरह का पछतावा नहीं है। दामाद ने खुद से अपना जुर्म कबूल किया है और उसे इस बात की खुशी है कि अब उसके परिवार में अन्य किसी सदस्य की मौत नहीं होगी। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।

Published on:
02 Jul 2026 03:18 pm