मऊ

Mau News: घाघरा पुल पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, दो घायल

दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घाघरा नदी पर बने पुल पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने आगे जा रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
less than 1 minute read
Oct 26, 2025
Mau
Mau news, PC: Patrika

Mau News: मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घाघरा नदी पर बने पुल पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने आगे जा रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज (गोरखपुर) से दोहरीघाट की ओर जा रही अर्टिगा कार (UP 53 FL 4192) ने रात करीब 9:35 बजे उसी दिशा में जा रही बाइक (UP 54 1775) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दोहरीघाट भेजा। वहां डॉक्टरों ने बाइक चालक सूर्यभान यादव (48 वर्ष) पुत्र स्व. रामबचन यादव, निवासी रामपुर धनौली, थाना दोहरीघाट को मृत घोषित कर दिया।

वहीं कार सवार आलोक सिंह (35 वर्ष) पुत्र प्रवीण प्रताप सिंह और अनवर अली (32 वर्ष) पुत्र अहमद अली, निवासी ग्राम गम्भीरपुर, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर गंभीर रूप से घायल पाए गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल, मऊ रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल पर रात के समय वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। लोगों ने प्रशासन से वहां स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग की है।

Updated on:
26 Oct 2025 03:06 pm
Published on:
26 Oct 2025 03:06 pm