मेरठ

मेरठ से गाजियाबाद तक AAP की पदयात्रा: संजय सिंह बोले- महंगाई ने तोड़ी जनता की कमर, 93 पेपर लीक ने बर्बाद किए करोड़ों युवाओं के सपने

AAP Pad Yatra: मेरठ से गाजियाबाद तक आम आदमी पार्टी ने पदयात्रा निकाली। रोजगार और सामाजिक न्याय दो नारों के साथ संजय सिंह ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर केंद्र और यूपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 93 पेपर लीक से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
3 min read
May 17, 2026
Feature image
आम आदमी पार्टी की पदयात्रा फोटो सोर्स AAP x account

मेरठ में आम आदमी पार्टी की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, बुलडोजर कार्रवाई और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर जमकर बरसे। मेरठ से गाजियाबाद तक निकल रही इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। संजय सिंह ने युवाओं, छोटे व्यापारियों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को लेकर जनता से आंदोलन में जुड़ने की अपील की।

आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को मेरठ से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत की। यात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू हुई। जहां शहीदों को श्रद्धांजलि देने और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा से संजय सिंह का स्वागत किया गया।

मेरठ से गाजियाबाद तक निकली गई पदयात्रा, नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक

यह पदयात्रा 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक निकाली जा रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं का भविष्य खराब कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत अब तक 93 भर्ती और परीक्षा पेपर लीक हो चुके हैं। जिससे लाखों परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

गरीब जनता की आवाज उठाने के लिए निकली गई पदयात्रा

संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा केवल बेरोजगारी के खिलाफ नहीं, बल्कि उन छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और गरीब परिवारों की आवाज उठाने के लिए भी निकाली जा रही है। जिन्हें बुलडोजर कार्रवाई के नाम पर उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की।

संविधान में सभी को बराबरी का अधिकार

सामाजिक न्याय के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज भी कई जगह दलितों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं। कहीं उन्हें घोड़ी पर चढ़ने से रोका जाता है। तो कहीं मंदिरों में अपमान झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान ने सभी को बराबरी का अधिकार दिया है। आम आदमी पार्टी उसी अधिकार की लड़ाई लड़ रही है।

पेट्रोल डीजल पर भारी टैक्स, जनता महंगाई से परेशान

महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर भी संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स वसूला गया। जबकि आम जनता लगातार महंगाई से परेशान रही। उनका कहना था कि सरकार को जनता को राहत देने के लिए टैक्स कम करना चाहिए।

भाजपा विभाजन और नफरत की राजनीति कर रही

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई जैसे बड़े मुद्दे हैं। लेकिन सरकार जनता की परेशानियों से ध्यान हटाने में लगी है। उन्होंने भाजपा पर नफरत और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की राजनीति करती है।

मिस्ड कॉल नंबर जारी कर, लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील

संजय सिंह ने कहा कि पदयात्रा के पहले चार चरणों को जनता का अच्छा समर्थन मिला। यही समर्थन इस अभियान की ताकत है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की। साथ ही उन्होंने एक मिस्ड कॉल नंबर जारी कर लोगों से अभियान में शामिल होने को कहा। पहले दिन की यात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर शहर के कई प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास गणपति भवन पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान पार्टी के कई विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Updated on:
17 May 2026 06:41 pm
Published on:
17 May 2026 06:41 pm