
बृजभूषण सिंह के साथ एश्टन हॉल पहलवानों से बातचीत करते
अमेरिका के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर और सोशल मीडिया स्टार Ashton Hall शनिवार शाम उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचे। इंस्टाग्राम पर करोड़ों फॉलोअर्स रखने वाले एश्टन हॉल ने यहां पूर्व सांसद Brij Bhushan Sharan Singh से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पहलवानों से बातचीत की। बच्चों के साथ क्रिकेट खेला और भारतीय खेल संस्कृति को करीब से जाना।
गोंडा के नंदिनी नगर महाविद्यालय पहुंचने पर एश्टन हॉल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। उनके साथ आए विदेशी मेहमानों का भी स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों के बीच खेल, फिटनेस और युवाओं को लेकर लंबी बातचीत हुई। मुलाकात के बाद बृजभूषण शरण सिंह एश्टन हॉल को भारतीय कुश्ती संघ के प्रशिक्षण केंद्र लेकर पहुंचे। वहां एश्टन ने अभ्यास कर रहे युवा पहलवानों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और फिटनेस को लेकर जरूरी टिप्स भी दिए। एश्टन ने बच्चों से कहा कि खेल और व्यायाम जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कई पहलवानों को कुश्ती किट भी वितरित की गई। एश्टन हॉल और बृजभूषण शरण सिंह ने खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण केंद्र में मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों में एश्टन हॉल को देखने का खास उत्साह नजर आया। इसके बाद एश्टन हॉल नंदिनी नगर महाविद्यालय के मैदान पहुंचे। जहां उन्होंने बच्चों के साथ क्रिकेट खेला। विदेशी मेहमान को क्रिकेट खेलते देख वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित दिखे। एश्टन ने भारतीय खेल संस्कृति की तारीफ करते हुए बच्चों के साथ समय बिताया कई यादगार पल कैमरे में कैद किए।
क्रिकेट खेलने के बाद एश्टन हॉल बृजभूषण शरण सिंह के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने अस्तबल, हेलीकॉप्टर और पूरे परिसर का दौरा किया। इस दौरान ‘इंडियन एश्टन हॉल आईडी’ चलाने वाले योगेंद्र कुशवाहा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दरअसल एश्टन हॉल को सोशल मीडिया की ताकत मध्य प्रदेश के चंबल की धरती तक खींच लाई। वह यहां के रहने वाले योगेंद्र कुशवाहा से मिलने आए थे। योगेंद्र मूल रूप से मुरैना जिले के बामोर कस्बे का एक साधारण युवक, जो कभी घर के चारपाई पर बैठकर मोबाइल से फिटनेस वीडियो बनाया करता था। सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुआ यह सफर अब लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है। बताया जा रहा है कि एश्टन हॉल इन दिनों भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस यात्रा के दौरान वह अलग-अलग शहरों में खेल और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही भारत के अनुभवों को सोशल मीडिया के जरिए दुनिया भर के लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अमेरिका से आए मेहमान ने यहां के खिलाड़ियों और बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने भी एश्टन हॉल का पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया।
Updated on:
17 May 2026 08:03 am
Published on:
17 May 2026 07:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
