पीड़िता पहुंची पुलिस के पास, पति हो गया फरार
मेरठ। पहले तो महिला का धर्म परिवर्तन करवाया और फिर उससे निकाह किया। निकाह के कुछ दिन बाद उसे घर से निकाल दिया और दूसरी महिला से निकाह करने की तैयारी में जुट गया। मामला जब पहली पत्नी को पता चला तो उसने पति को निकाह करने से रोका। जिस पर पति ने उसे धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने पर शिकायत की है। एसपी सिटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पत्नी की वीडियो वायरल की धमकी
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र की निवासी महिला की शादी मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। दंपति का एक बेटा भी है। पीड़िता इंदिरा चौक के पास एक पैथोलॉजी लैब में नौकरी करती थी। वहीं पर जाकिर कॉलोनी लिसाड़ी गेट निवासी दूसरे समुदाय का एक युवक भी नौकरी करता था। आरोप है कि करीब चार माह पहले आरोपी युवक ने महिला को झांसे में लेकर उसके पति से तलाक करा दिया था। उसके बाद महिला को अगवा करने के बाद उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। फिर महिला से निकाह कर लिया था।
घर से निकाल दिया आैर अब हत्या की धमकी
पीड़ित महिला ने थाना लिसाड़ी गेट में दर्ज करायी शिकायत में बताया कि अब युवक ने उसे घर से निकाल दिया और हत्या करने की धमकी दी। युवक ने किसी दूसरी महिला से निकाह कर लिया है। आरोपी युवक ने धमकी दी है कि उसने उसकी वीडियो क्लीपिंग बना ली है। धमकी दी कि यदि थाने में शिकायत करने की कोशिश की तो वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बाद में आरोपी ने उसे मोबाइल से कॉल करते हुए भी धमकी दी है। लिसाड़ी गेट थाने के कार्यवाहक एसओ अनिल सैनी ने बताया कि आरोपी उरूज खान के घर दबिश दी गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मामले में एसपी सिटी रणविजय सिंह ने कहा है कि महिला ने धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर कार्रवाई कर रही है। आरोपी के घर दबिश दी गई, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा।