Highlights: -रविवार तड़के आई आंधी—बारिश से बढ़ी उमस -जिले में हो चुकी 6.2 मिमी बारिश -जिले का एक्यूआई 23 रिकार्ड किया गया
मेरठ। महानगर में रविवार को तड़के आंधी-बारिश ने मौमस को कुछ समय के लिए सुहाना तो बना दिया। लेकिन तापमान में गिरावट के बावजूद भी गर्मी के तेवर बरकरार हैं। रविवार की सुबह से ही उसम से गर्मी से बुरा हाल है। शुक्रवार की रात मेरठ सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी। उसके बाद शनिवार को दिन भर निकली धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। इसके बाद रविवार तड़के 5 बजे 20 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी से कई जगह पेड़ और खंभे उखड़ गए। आंधी-बारिश से दिन-रात के तापमान में गिरावट हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 36.0 और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शनिवार की सापेक्ष दिन के तापमान में 3.0 और न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी हुई है। मेरठ में अब तक 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को दिनभर उसम से लोगों का बुरा हाल रहा। वही हाल रविवार को भी है। दिन का पारा सामान्य रहने के बावजूद गर्मी से पसीने छूट रहे हैं।
मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। अभी कुछ दिनों तक मेरठ सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं बारिश तो कहीं सूखे जैसे स्थिति बनी रहने के आसार हैं। रविवार को सुबह जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स 23 दर्ज किया गया जो कि बहुत अच्छी श्रेणी में है। डा. कंचन सिंह ने बताया कि आमतौर पर इतना कम एक्यूआई यूरोपीय देशों का रहता है। खासकर लंदन का एक्यूआई 30 तक रहता है। यह मेरठवासियों की सेहत के लिए अच्छी बात है कि इतना कम एक्यूआई है।