Bakrid 2018 या ईद-उल-अजहा 22 अगस्‍त 2018 को मनाई जाएगी, मुस्लिम महिलाओं में ईद को लेकर विशेष उत्साह दिख रहा है।
मेरठ। बकरीद (Bakrid) या ईद-उल-अजहा (Eid al-Adha) को लेकर भ्रम की स्थिति अब साफ हो गई है। अब साफ हो गया है कि बकरीद 23 अगस्त नहीं बल्कि 22 अगस्त 2018 को मनाई जाएगी। इसके मद्देनजर बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गए हैं। मुस्लिम महिलाओं में ईद को लेकर विशेष उत्साह दिख रहा है। उमस भरी गर्मी और रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद भी महिलाएं ईद की खरीदारी करने के लिए बाजार के लिए निकली हुई हैं। मेरठ के प्रमुख बाजार हापुड़ अड्डा, सदर बाजार, वैली बाजार अौर घंटाघर बाजार की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चूड़ी की दुकान हो या कपड़ों की दुकानें, सब पर भारी भीड़ है। रविवार को तो और भी काफी अधिक भीड़ देखी गई। भीषण गर्मी के बावजूद ईद की खरीदारी करने वालों का उत्साह कम नहीं हो रहा है।
इन चूड़ियों की है बेहद डिमांड
मुस्लिम महिलाओं को बाहुबली की हिरोइन अनुष्का शेट्टी और तमन्ना भाटिया द्वारा पहनी गई चूड़ियों का डिजाइन बेहद भा रहा है। अन्य ब्रांड में सुल्तान और साजन ब्रांड की पसंद चूड़ियों की डिमांड महिलाओं के बीच है। इस ब्रांड की चूड़ियों की खनक महिलाओं को अपनी ओर खींच रही है। ईद के खास मौके पर आई ये चूड़ियां इसी खास अवसर के लिए बाजार में उतारी गई हैं। इन चूड़ियों की खास बात यह है कि इन पर की गई कशीदगी महिलाओं को बहुत भा रही है। मेरठ के हापुड़ अड्डे पर चूडि़यों की दुकान पर काम करने वाले सिराजुद्दीन ने बताया कि इस बार मुबारक बकरीद के मौके पर आई इन चूड़ियों का महिलाओं में काफी क्रेज है।
कुछ पुराने नाम की चूड़ियां हमेशा रहती हैं डिमांड में
उन्होंने बताया कि कुछ चूड़िया हमेशा ही डिमांड पर रहती हैं। इनमें तेरे नाम, अमर खेल, साजन चले ससुराल, तितली नामक फैंसी चूड़ियां की डिमांड तो हमेशा बनी रहती है। ये चूड़ियां पूरे साल महिलाओं की खासी पसंद बनी हुई हैं। सिराजुद्दीन कहते हैं कि ये चूड़ियां महंगी जरूर होती हैं, लेकिन इसके बावजूद इनकी खरीदारी महिलाएं जमकर कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: bakrid 2018 : जानिए भारत में कब मनाई जाएगी बकरीद
चाईनीज कंगन की खास डिमांड
चूड़ियों के बाद महिलाओं के बीच और जिस चीज का क्रेज सबसे अधिक है, वह है चाईनीज कंगन।
महिलाओं के बीच इसकी भी डिमांड काफी है। चीन निर्मित यह कंगन पहनने में बहुत ही हल्का है। इसको पहनने के बाद महिला के सौंदर्य में चार चांद लगते हैं। एक विशेष प्रकार के डिजाइन से तैयार किया गया यह कंगन भी मुस्लिम महिलाओं को बेहद भा रहा है।