मेरठ

भाजपा विधायक संगीत सोम ने 53 लाख हड़पने के आरोपों पर कहा- इस परिवार से मेरा कोर्इ संबंध नहीं

मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव राजपुर मौमन के गरीब परिवार ने भाजपा के फायरब्रांड नेता पर लगाए हैं आरोप  

2 min read
Apr 12, 2018
meerut

मेरठ। भाजपा के फायर ब्रांड सरधना विधायक संगीत सोम पर सरधना क्षेत्र के गांव राजपुर मौमन के गरीब परिवार ने 53 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सरधना विधायक ने र्इंट भट्टा में हिस्सेदारी देने की बात पर अपनी नौ बीघा जमीन आैर 50 से ज्यादा दुधारू भैंसों को बेचकर 53 लाख रुपये दिए थे। पैसा लेने के बाद संगीत सोम ने न तो हिस्सेदारी आैर न ही पैसे लौटाए। बल्कि उन्हें मारने की धमकी तक दे डाली। गरीब परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत की धमकी तक दे डाली है। इस पर सरधना विधायक संगीत सोम ने सारे आरोप सिरे से खारिज कर दिए हैं। उनका कहना है कि इस परिवार से मेरा कोर्इ संबंध नहीं है। हर बार उनकी छवि खराब करने के लिए इस परिवार के सदस्य आरोप लगाते रहते हैं। इनके सारे आरोप निराधार हैं। कुछ लोग इस परिवार को मेरे खिलाफ भड़का रहे हैं।

गरीब परिवार के ये थे आरोप

सरधना क्षेत्र के गांव राजपुर मौमन निवासी बुजुर्ग रामकुमार, उनकी पत्नी व बेटे ने बुधवार को एसएसपी आॅफिस में पहुंचकर सरधना विधायक संगीत सोम पर आरोप लगाए थे। इस परिवार का कहना है कि परिवार की नौ बीघा कृषि जमीन, 50 से ज्यादा दुधारू भैंस व अन्य सामान बेचकर विधायक के साथ र्इंट भट्टा साझे में लगाया था। 2015 में उनका बंटवारा हो गया। इस परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि विधायक पर 53 लाख रुपये निकलता है। तीन साल से विधायक उन्हें पैसे के लिए टरकाते आ रहे हैं कि उन्हें जल्दी ही पैसे दे देंगे। अब उन्हें धमकी दी जा रही है। बुजुर्ग दंपति ने आरोप लगाया कि अब विधायक के गनर व उनके अन्य लोगों ने उनके बेटे राहुल को जान से मारने की धमकी दी है। राहुल का कहना है कि उसकी दोनों बहनों की इसी महीने शादी है, घर में पैसे नहीं हैं, मांगने पर विधायक के लोगों ने धमकी दी।

Published on:
12 Apr 2018 09:01 am