मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रात साढ़े 11 बजे की घटना युवक की पिटार्इ करने के बाद उसके घर पर बोला हमला मारपीट आैर फायरिंग में चार लोग गंभीर रूप से घायल
मेरठ। अलविदा जुमा पर पुख्ता सुरक्षा के कारण जिले में अकीदतमंदों ने सुकून से नमाज अदा की थी। नमाज अदा करने के बाद पुलिस-प्रशासन ने भी चैन की सांस ली, लेकिन पुलिस-प्रशासन का चैन देर रात गोलियों की आवाज से उड़ गया। थाना लिसाड़ी गेट जैसे ही गोलियाें की आवाज से गूंजा। पुलिस और प्रशासन की गाड़ियां मौके पर पहुंचनी शुरू हो गई। मामला थाना लिसाड़ी गेट के शाहजहां कालोनी में नमाज पढ़ने को लेकर था।
नमाज के समय हुआ था विवाद
शाहजहां कालोनी में मस्जिद में नमाज का समय हो रहा था। घटना रात करीब साढ़े ग्यारह बजे की है। हारून अपने भाइयों अहसान व ताहिर के साथ शाहजहां कालोनी में रहता है। शुक्रवार रात में हारून का भांजा फाजिल मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। रात में तराबीह खत्म हो के बाद बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद थे। वहीं के रहने वाले युवक रोजू से फाजिल का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि रोजू ने फाजिल की पिटाई कर दी। मौके पर नमाजियों ने बीच-बचाव कर दिया।
युवक के घर बोल दिया हमला
नमाज पढ़कर फाजिल घर लौट आया, लेकिन इसी बीच रोजू अपने आधा दर्जन साथियों के साथ हारून के घर पर घुस आया और हमला बोल दिया। घर में उस समय महिलाएं भी मौजूद थी। हमलावरों के हाथ में तमंचे थे। जिसके बाद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जो भी सामने आया उसी को बुरी तरह से पीटा गया। महिलाओं को भी नहीं बक्शा गया। उनको भी बुरी तरह से पीटा। बचाव में आए गुल मोहम्मद के हाथ में गोली लगी तो वह घायल हो गया। हमलावरों ने चेतावनी दी कि अगर किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो अंजाम ठीक नहीं होगा।
मारपीट में महिलाएं भी घायल
मारपीट में महिलाएं भी घायल हुई। करीब चार लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं। मारपीट और गोलीबारी की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी वह मौके पर पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। एसपी सिटी एएन सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कई लोगों को गिरफ्तारी भी की गर्इ है।