खास बातें मेरठ शहर के लिसाड़ी गेट क्षेत्र का मामला संतान न होने पर चल रहा था विवाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मेरठ। हर महिला की चाहत होती है उसकी गोद मे बच्चे की किलकारी गूंजे। मेरठ में एक महिला को जब बच्चा नहीं हुआ तो उसने और उसके पति ने खौफनाक कदम उठा लिया। संतान न होने पर मेरठ में एक दंपती ने दुखी होकर जहर खा लिया। दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को घटना का पता काफी देर बाद चला। दंपति की मौत पर घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रोकर बुरा हाल है। मोहल्लेवासियों ने इसकी जानकारी जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आठ वर्ष पहले हुई थी शादी
मामला थाना लिसाड़ी गेट के लक्खीपुरा गली नंबर 26 का है। जहां पर इसरार अपनी पत्नी रुकसाना और अन्य परिजनों के साथ रहता था। इसरार की शादी आठ वर्ष पूर्व रुकसाना के साथ हुई थी। दंपती के कोई औलाद नहीं थी। इसके लिए उन्होंने काफी इलाज भी कराया। नीम हकीमों से भी दवाई ली, लेकिन कहीं कोई हल नहीं निकला। इसरार की पत्नी रुकसाना को उसके ससुराल वाले भी ताना मारने लगे थे। जिसके चलते दोनों पति-पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।
दोनों की मौत से मचा कोहराम
बताया जाता कि मंगलवार को रुकसाना की ननद ने उस पर तंज कसा। जिससे वह बहुत परेशान हो उठी। उसने यह बात अपने शौहर इसरार को बताई। इसरार भी बहन के तंज बर्दाश्त नहीं कर सका और दोनों पति-पत्नी ने अपनी जीवन लीला खत्म करने के लिए अपने कमरे में जहर खा लिया। दोपहर तक जब दोनों अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों का काफी हैरानी हुई। परिजनों ने जब उनके कमरे का दरवाजा बजाया तो वह भीतर से बंद था। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो दोनों के शव बिस्तर पर पड़े थे। दोनों के मुंह से झाग निकल रहे थे। दंपती की मौत पर घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।