
मेरठ। मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला गंगा एक्सप्रेस वे (ganga expressway) कई मामलों में सबसे अलग होगा। इस एक्सप्रेस वे (longest expressway of india) का डिजाइन ऐसा तैयार किया गया है कि इस पर 120 किमी प्रति घंटा की गति से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। गंगा एक्सप्रेस वे को दुर्घटना रहित बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है। वाहन दुर्घटनाएं न हो, इसके लिए गंगा एक्सप्रेस वे को विशेष तरह से डिजाइन किया गया है। दरअसल, देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का पूरा खाका एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने तैयार किया कर लिया है। इस एक्सप्रेस-वे से प्रदेश के 12 जिले और 519 गांव जुड़ेंगे। इसे 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति के अनुसार डिजाइन किया गया है। जानकारी के अनुसार ईस्टर्न पैरीफेरल के बाद यह दूसरा ऐसा एक्सप्रेस वे होगा जिस पर वाहन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटा भर सकेंगे। वहीं अन्य हाइवों पर वाहनों की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा सिमित है।
बता दें कि गंगा एक्सप्रेस-वे की प्रस्तावित लंबाई 594 किमी है, जो कि मेरठ के बिजौली गांव के पास से शुरू होकर प्रयागराज के जुडापुर दांदू गांव तक बनेगा। यह कुल 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा। 519 गांव भी इसके दायरे में आएंगे। प्रोजेक्ट की कुल लागत 36,230 करोड़ रुपये है। गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना को 12 पैकेज में बांटा है। इन सभी 12 पैकेज के चार समूह बनाए जाएंगे। एक समूह में तीन पैकेज होंगे। गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए तत्परता से काम किया जाएगा। विभिन्न कार्यों की समय-सारिणी बनाकर प्रगति की नियमित व गहन समीक्षा की जाएगी।
किस शहर में कितने किलोमीटर एक्सप्रेस-वे
मेरठ में 15 किलोमीटर, हापुड़ में 33 किलोमीटर, बुलंदशहर में 11 किलोमीटर, अमरोहा में 26 किलोमीटर, संभल में 39 किलोमीटर, बदायूं में 92 किलोमीटर, शाहजहांपुर में 40 किलोमीटर, हरदोई में 99 किलोमीटर, उन्नाव में 105 किलोमीटर, रायबरेली में 77 किलोमीटर, प्रतापगढ़ में 41 किलोमीटर और प्रयागराज में 16 किलोमीटर।
ऐसा होगा गंगा एक्सप्रेस वे का ढांचा
-छह लेन (आठ लेन में विस्तारणीय)।
-रेलवे ओवरब्रिज की चौड़ाई 120 मीटर।
-डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा।
-नौ जन सुविधा परिसर।
-मेरठ और प्रयागराज में एक-एक मुख्य टोल प्लाजा।
-पंद्रह रैंप टोल प्लाजा।
-गंगा नदी पर लगभग 960 मीटर और रामगंगा नदी पर लगभग 720 मीटर लंबाई के बड़े पुल।
शाहजहांपुर के पास हवाई पट्टी।